सड़क नहीं, कीचड़ का रास्ता... प्रसव पीड़िता को चारपाई पर लेकर निकले ग्रामीण

छिंदवाड़ा। अमरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र से करीब 15 किलोमीटर दूर ग्राम पंचायत सालीवाड़ा शारदा के खजरी मोहल्ले में सड़क की बदहाली ग्रामीणों के लिए बड़ी परेशानी बनी हुई है। बारिश के दिनों में रास्ते पर इतना कीचड़ हो जाता है कि पैदल चलना और बाइक निकालना भी मुश्किल हो जाता है। ऐसे में मंगलवार सुबह एक प्रसव पीड़िता को अस्पताल पहुंचाने के लिए ग्रामीणों को चारपाई का सहारा लेना पड़ा।
एंबुलेंस पहुंचने में परेशानी
जानकारी के मुताबिक, 21 वर्षीय प्रदीपा (पति राजकुमार उर्फ अंकित बट्टी) को मंगलवार सुबह प्रसव पीड़ा हुई। परिवार ने 108 एंबुलेंस को सूचना दी, लेकिन खजरी मोहल्ले की खराब सड़क और कीचड़ के कारण एंबुलेंस को अंदर तक पहुंचने में परेशानी हुई। इसके बाद ग्रामीणों ने प्रदीपा को चारपाई पर लिटाया और उसे कीचड़ भरे रास्ते से बाहर तक लेकर आए। वहां से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के मौसम में इस तरह की समस्या बार-बार सामने आती है।
एक महीने में दो महिलाओं को चारपाई का सहारा
ग्रामीणों के मुताबिक, पिछले करीब एक महीने में दो प्रसव के मामलों में महिलाओं को इसी तरह चारपाई के जरिए अस्पताल तक पहुंचाना पड़ा। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क नहीं होने के कारण गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और बीमार लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी होती है।
पंचायत ने कई बार भेजे प्रस्ताव
ग्राम पंचायत की सरपंच माया चंदन पटेल ने बताया कि खजरी मोहल्ले की सड़क बनवाने के लिए पंचायत की ओर से कई बार प्रस्ताव बनाकर जनपद पंचायत अमरवाड़ा को भेजे गए हैं। उनके मुताबिक, जनपद पंचायत के इंजीनियर ने बताया कि करीब ढाई किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण ग्राम पंचायत के बजट के दायरे से बाहर है। सरपंच के अनुसार, बजट अधिक होने के कारण सड़क निर्माण के लिए प्रस्ताव लोक निर्माण विभाग (PWD) को भेजने की कार्रवाई की गई है। पंचायत सचिव इंद्र कुमार धुर्वे और सहायक सचिव मंजू प्रसाद वर्मा के साथ मिलकर सड़क निर्माण के लिए लगातार प्रयास किए जाने की बात भी सरपंच ने कही।
ग्रामीण अब कलेक्टर कार्यालय में देंगे आवेदन
ग्रामीण मोतीराम भलावी, मुकेश उईके, अंकित बट्टी, तुकाराम उईके, राहुल उईके, चारणलाल बट्टी, प्रीतलाल धुर्वे, शर्मिला बट्टी सहित अन्य लोगों ने सड़क निर्माण की मांग उठाई है। ग्रामीणों का कहना है कि वे अब एकजुट होकर जिला स्तर पर कलेक्टर कार्यालय में आवेदन देंगे। ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभागों से भी सड़क निर्माण की मांग की है, ताकि बारिश के दौरान लोगों को अस्पताल और अन्य जरूरी सेवाओं तक पहुंचने में परेशानी न हो।
सड़क नहीं बनी तो आंदोलन की चेतावनी
सरपंच माया चंदन पटेल ने कहा कि पंचायत चाहती है कि खजरी मोहल्ले की सड़क जल्द से जल्द बने। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर सड़क निर्माण का काम जल्द शुरू नहीं हुआ तो महिलाओं के साथ जनपद पंचायत अमरवाड़ा का घेराव किया जाएगा। सरपंच के मुताबिक, जरूरत पड़ने पर जनपद पंचायत और तहसील कार्यालय परिसर में अनिश्चितकालीन सामूहिक अनशन भी किया जाएगा। अब देखना होगा कि सड़क निर्माण को लेकर विभागीय स्तर पर कब तक कार्रवाई होती है।




















