Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

गरीबों के राशन में निकला कंकाल : टीकमगढ़ की राशन दुकान पर हड्डियां मिलने से मचा हड़कंप, खाद्य विभाग ने दुकान सील कर वितरण रोका

जिले के बड़ागांव क्षेत्र के नन्ही टेहरी गांव स्थित उचित मूल्य की दुकान पर गरीबों को वितरित किए जाने वाले गेहूं की बोरी से कथित रूप से जानवर के सिर और पैर की हड्डियां मिलने से हड़कंप मच गया। बोरी खुलते ही वहां मौजूद हितग्राही दंग रह गए और उन्होंने तत्काल राशन लेने से इंकार कर दिया।
खाद्यान्न बोरी में पड़ा कंकाल

टीकमगढ़। जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली की गंभीर लापरवाही का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जिले के बड़ागांव क्षेत्र के नन्ही टेहरी गांव स्थित उचित मूल्य की दुकान पर गरीबों को वितरित किए जाने वाले गेहूं की बोरी से कथित रूप से जानवर के सिर और पैर की हड्डियां मिलने से हड़कंप मच गया। बोरी खुलते ही वहां मौजूद हितग्राही दंग रह गए और उन्होंने तत्काल राशन लेने से इंकार कर दिया। जानकारी के अनुसार ग्राम लक्ष्मणपुरा की उचित मूल्य दुकान बंद होने के कारण वहां के हितग्राहियों को नन्ही टेहरी की दुकान से राशन दिया जा रहा था। हितग्राही कोमल लोधी और परम लोधी के सामने गेहूं की बोरी खोली गई तो उसमें हड्डियां दिखाई दीं। संदेह होने पर पूरी बोरी खाली कराई गई, जिसमें गेहूं के बीच जानवर के सिर और पैर की हड्डियां मिलीं। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

राशन दुकान को किया गया सील

मामले की गंभीरता को देखते हुए खाद्य विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे, जांच की और एहतियातन राशन वितरण तत्काल बंद कराते हुए दुकान को सील कर दिया। अधिकारियों ने प्रभावित राशन को वापस लेकर उसके स्थान पर नया राशन उपलब्ध कराने की बात कही है। इस घटना ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। मामले को लेकर कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी सार्थक तिवारी का कहना था कि राशन दुकान और निरीक्षण के बाद दुकान को सील किया गया है। प्राथमिक रूप से जांच में सामने आया है कि खाद्यान्न में भेड़ का सिर और हड्डियां होने की संभावना हैं ग्रामीणों को राशन वितरण अन्य दुकान से मंगवाकर किया गया है।

आखिर राशन आया कहां से

यह जानकारी की जा रही है कि यह राशन किस जिले से टीकमगढ़ भेजा गया था। मामले को लेकर एसडीएम संस्कृति मुदित लिटोरिया का कहना था कि कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी के द्वारा मामले की जांच की जा रही है। जिस लॉट के माध्यम से खाद्यान्न नन्हीं टेहरी गांव भेजा गया था उसकी जानकारी करने के साथ ही संबंधित जिले को पत्र लिखकर राशन वापस भेजा जाएगा। एसडीएम लिटोरिया का कहना था कि जांच के बाद ही संबंधित दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।

Vivek Gupta
By Vivek Gupta

पत्रकारिता पेशे से 20 वर्ष से जुड़े है। डॉ हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय से पत्रकारिता के साथ physics में...Read More

Latest Posts