Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

झुंझुनूं में तेज टक्कर के बाद मची चीख-पुकार, कार सवार 2 लोगों की मौत, 4 घायल

राजस्थान के झुंझुनूं में रघुनाथपुरा टोल के पास शुक्रवार देर रात ट्रक और कार की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हुए हैं। कार इतनी क्षतिग्रस्त हुई कि गेट तोड़कर लोगों को बाहर निकालना पड़ा। पुलिस ने शव मोर्चरी में रखवाकर हादसे की जांच शुरू कर दी है।
झुंझुनूं में तेज टक्कर के बाद मची चीख-पुकार, कार सवार 2 लोगों की मौत, 4 घायल
राजस्थान के झुंझुनूं में रघुनाथपुरा टोल के पास शुक्रवार देर रात ट्रक और कार की जोरदार टक्कर हो गई।

राजस्थान के झुंझुनूं जिले में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सूरजगढ़ थाना क्षेत्र के रघुनाथपुरा गांव के पास टोल के नजदीक ट्रक और कार की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी तेज थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए।

कार का गेट तोड़कर निकाले गए लोग

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और जीवन ज्योति रक्षा समिति के सदस्य मौके पर पहुंचे। कार की हालत इतनी खराब थी कि उसमें फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। कार का गेट तोड़कर घायलों और शवों को बाहर निकाला गया। इसके बाद सभी घायलों को इलाज के लिए सूरजगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। यहां जांच के बाद चिकित्सकों ने शर्मिला, पत्नी अभिषेक, निवासी चूरू और महेंद्र शर्मा, निवासी गुढ़ा को मृत घोषित कर दिया।

एक घायल को झुंझुनूं किया रेफर

हादसे में ओमप्रकाश सीथल गंभीर रूप से घायल हुए हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत को देखते हुए उन्हें झुंझुनूं रेफर किया गया। वहीं शीशराम जाट निवासी सीथल, हरिराम जाट निवासी सीथल और आलोक शर्मा निवासी सीकर का सूरजगढ़ सीएचसी में इलाज चल रहा है। हादसे की जानकारी मिलते ही सूरजगढ़ पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई थी। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की और घटना की जानकारी उनके परिजनों तक पहुंचाई।

दिल्ली से लौट रहे थे सभी लोग

जानकारी के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाली शर्मिला मूल रूप से चूरू जिले की रहने वाली थीं और सीकर में रह रही थीं। उनके पति अभिषेक सहारण के सीकर एसपी कार्यालय में कांस्टेबल होने की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि कार में सवार सभी लोग दिल्ली गए थे। वे वहां एक आश्रम में अपने गुरुजी से मिलने के बाद वापस लौट रहे थे। जानकारी के अनुसार, सभी लोग करीब महीने में एक बार गुरुजी से मिलने दिल्ली जाते थे। इसी तरह इस बार भी मुलाकात के बाद सभी लोग वापस अपने घर की ओर रवाना हुए थे।

ये भी पढ़ें: 3,000 साल से खुला है मुंह... क्या मौत के वक्त चीख रही थी ये रहस्यमयी महिला?

ब्रेकर के पास हुआ हादसा

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कार लोहारू की तरफ से झुंझुनूं की ओर जा रही थी। इसी दौरान रघुनाथपुरा टोल के पास ब्रेकर के नजदीक पीछे से आ रहे ट्रक ने कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी और राहत कार्य शुरू किया। पुलिस के पहुंचने के बाद घायलों को अस्पताल भेजा गया।

पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच

पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। हादसा किस वजह से हुआ, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस घटनास्थल की स्थिति और हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटा रही है। फिलहाल घायलों का इलाज जारी है और पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।

Dolly Wasvani
By Dolly Wasvani

डोली वासवानी | People’s Institute of Media Studies से BAMC Student। पत्रकारिता की दुनिया में नई शुरु...Read More

Latest Posts