मेधावी विद्यार्थियों को CM मोहन यादव की सौगात, 7,400 से ज्यादा छात्रों को मिली स्कूटी

छिंदवाड़ा में मुख्यमंत्री स्कूटी योजना के तहत कक्षा 12वीं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को स्कूटी वितरित की गई। भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश के 7,400 से अधिक विद्यार्थियों को स्कूटी की सौगात दी। इसी कार्यक्रम के तहत छिंदवाड़ा के शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लोक निर्माण विभाग मंत्री और छिंदवाड़ा जिले के प्रभारी मंत्री राकेश सिंह ने विद्यार्थियों को स्कूटी वितरित की।
जिले में 159 छात्राएं और 145 छात्रों को स्कूटी
छिंदवाड़ा जिले में कुल 304 मेधावी विद्यार्थियों को स्कूटी दी गई। इनमें 159 छात्राएं और 145 छात्र शामिल हैं। विकासखंड छिंदवाड़ा के 55 विद्यार्थियों को प्रभारी मंत्री राकेश सिंह ने स्कूटी प्रदान की। कार्यक्रम में अमरवाड़ा विधायक कमलेश प्रताप शाह, नगर निगम महापौर विक्रम अहके सहित जनप्रतिनिधि, कलेक्टर हरेंद्र नारायन, शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक और विद्यार्थी मौजूद रहे।
अमरवाड़ा में 27 विद्यार्थियों को मिली स्कूटी
अमरवाड़ा विकासखंड में भी मेधावी विद्यार्थियों के लिए स्कूटी वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां 14 शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूलों के 27 विद्यार्थियों को स्कूटी प्रदान की गई। योजना के तहत प्रत्येक हायर सेकेंडरी स्कूल से कक्षा 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले एक छात्र और एक छात्रा का चयन किया जाता है। चयनित विद्यार्थियों ने 70 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल किए हैं।
विद्यार्थियों का बढ़ाया उत्साह
कार्यक्रम में अतिथियों ने मेधावी विद्यार्थियों को स्कूटी प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। वक्ताओं ने कहा कि इस तरह की योजनाओं से विद्यार्थियों को पढ़ाई में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहन मिलता है और उच्च शिक्षा के लिए आने-जाने में भी सुविधा होती है। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षा विभाग के अधिकारियों और सभी 14 स्कूलों के प्राचार्यों ने हिस्सा लिया। प्राचार्यों ने अपने-अपने स्कूल के चयनित विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।




















