Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

रायपुर में 53 लाख की उठाईगिरी का पर्दाफाश,गीजर, टीवी और बच्चों के खिलौनों में छिपाई थी नकदी, दो शातिर गिरफ्तार

कटोरा तालाब के संत कंवर राम चौक पर कपड़ा कारोबारी के बैग से उड़ाई थी लाखों की रकम, एक सप्ताह तक की रेकी; हजारों CCTV फुटेज खंगालकर पुलिस ने पकड़े आरोपी,रायपुर के कटोरा तालाब स्थित संत कंवर राम चौक के पास 9 अक्टूबर 2026 को कपड़ा कारोबारी किशोर बलवानी के एक्टिवा वाहन से नकदी से भरा बैग चोरी हो गया था। मामले में पुलिस ने मनीष यदु और कमलेश कुशवाहा को गिरफ्तार किया है।
रायपुर में 53 लाख की उठाईगिरी का पर्दाफाश,गीजर, टीवी और बच्चों के खिलौनों में छिपाई थी नकदी, दो शातिर गिरफ्तार

रायपुर: राजधानी रायपुर में दिनदहाड़े 53 लाख रुपये की उठाईगिरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के कटोरा तालाब स्थित संत कंवर राम चौक के पास कपड़ा कारोबारी के बैग से नकदी चोरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 53 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। वारदात में इस्तेमाल पल्सर मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने कारोबारी की करीब एक सप्ताह तक रेकी की थी।

संबंधित खबर: CBI-IPS बनकर 44 दिन तक डिजिटल अरेस्ट,6.80 करोड़ की मनी लॉन्ड्रिंग का डर दिखाकर कारोबारी से ठगे 8.50 लाख

पान खाने रुका कारोबारी, एक्टिवा से गायब हुआ लाखों का बैग

रायपुर के शैलेन्द्र नगर निवासी किशोर बलवानी पंडरी कपड़ा मार्केट में रेडीमेड कपड़ों की दुकान चलाते हैं। पुलिस के अनुसार, 9 अक्टूबर 2026 को सुबह करीब 11:40 बजे वे अपने घर से एक्टिवा पर दुकान जाने के लिए निकले थे। उनके वाहन के सामने वाले पायदान पर सफेद कपड़े के बैग में नकदी रखी हुई थी। करीब 11:45 बजे वे कटोरा तालाब स्थित संत कंवर राम चौक के पास अप्पू पान ठेला के सामने रुके और पान खाने चले गए। वापस लौटने पर बैग गायब मिला। इसके बाद उन्होंने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 535/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

/img/129/1792218318700

एक सप्ताह तक पीछा, कारोबारी की हर गतिविधि पर थी नजर

पुलिस की पूछताछ के मुताबिक, दोनों आरोपी करीब एक सप्ताह से कारोबारी की रेकी कर रहे थे। वे उसके घर से दुकान आने-जाने के समय और रोजमर्रा की गतिविधियों पर नजर रख रहे थे। आरोप है कि 9 अक्टूबर को कारोबारी के घर से निकलते ही दोनों ने उसका पीछा किया। कटोरा तालाब के पास मौका मिलते ही एक्टिवा के सामने रखे बैग से नकदी चोरी कर फरार हो गए।

हजारों CCTV कैमरों की जांच, कपड़े बदलकर पुलिस को चकमा देने की कोशिश

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त तारकेश्वर पटेल के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा सिविल लाइन थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के CCTV फुटेज खंगाले। जांच के दौरान बिना नंबर प्लेट वाली पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध दिखाई दिए। इसके बाद उनके भागने के संभावित रास्तों पर लगे हजारों कैमरों की रिकॉर्डिंग का क्रमवार विश्लेषण किया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पहचान छिपाने के लिए बार-बार कपड़े बदले और CCTV निगरानी से बचने के लिए वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल किया। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर दोनों संदिग्धों की पहचान की गई।

/img/129/1792218353060

संबंधित खबर: रायपुर में कारोबारी अपहरण मामले का खुला 12 घंटे में राज,रायपुर से यूपी तक दौड़ी पुलिस, मिर्जापुर में स्कॉर्पियो रोककर 3 आरोपी दबोचे

गीजर के अंदर, टीवी के पीछे और खिलौनों में छिपाए थे 53 लाख रुपये

पुलिस ने मामले में मनीष यदु और कमलेश कुशवाहा को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने कथित तौर पर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस के मुताबिक, चोरी की नकदी को आरोपियों ने घर में अलग-अलग जगहों पर छिपाकर रखा था। रकम का कुछ हिस्सा गीजर के अंदर, टीवी के पीछे और बच्चों के खिलौनों में छिपाया गया था। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने कुल 53 लाख रुपये नकद बरामद किए।

तीन बैंक खाते फ्रीज, बाइक और मोबाइल भी जब्त

पुलिस की कार्रवाई में बरामदगी और जब्ती का विवरण इस प्रकार है:

53 लाख रुपये नकद बरामद।

तीन बैंक खाते फ्रीज कराए गए।

एक पल्सर मोटरसाइकिल जब्त।

दो मोबाइल फोन जब्त।

पुलिस के अनुसार, जब्त संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत करीब 54 लाख रुपये है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की गई है।

दोनों आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी आया सामने

पुलिस के मुताबिक, आरोपी मनीष यदु के खिलाफ सिविल लाइन थाने में मारपीट और जुआ एक्ट से संबंधित मामले पहले दर्ज रहे हैं। वह इन मामलों में जेल भी जा चुका है। वर्ष 2012 में आजाद चौक थाने में नकदी लूट की झूठी रिपोर्ट दर्ज कराने के मामले में भी उसके खिलाफ कार्रवाई की गई थी।दूसरे आरोपी कमलेश कुशवाहा के खिलाफ भी सिविल लाइन थाने में मारपीट का मामला दर्ज रहा है। पुलिस के अनुसार, वह पूर्व में इस मामले में गिरफ्तार होकर जेल जा चुका है।

संबंधित खबर: फर्जी पुलिस अधिकारी बनकर कारोबारी का अपहरण, 13 लाख और जेवर वसूले; 6 आरोपी गिरफ्तार

कौन हैं गिरफ्तार आरोपी?

1. मनीष यदु: पिता शत्रुघन लाल यदु, उम्र 39 वर्ष, निवासी गुरु कृपा किराना स्टोर के पास, सेक्टर-2, डीडी नगर, रायपुर।

2. कमलेश कुशवाहा: पिता शिवनाथ कुशवाहा, उम्र 36 वर्ष, निवासी भारत माता स्कूल चर्च के पास, टाटीबंध, थाना आमानाका, रायपुर।

PREM

मै प्रेम निर्मलकर मैने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत दैनिक भास्कर से की, विगत 18 वर्षों से मुझे पत...

Latest Posts