जम्मू-कश्मीर की गद्दी पर बैठा है राजा, नाम LG... आखिर ऐसा क्यों बोले राहुल गांधी

श्रीनगर। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राहुल गांधी जम्मू-कश्मीर में पूरी तरह से सक्रिय नजर आ रहे हैं। उन्होंने बुधवार (4 सितंबर) को अनंतनाग और रामबन में चुनावी रैली की। इस दौरान उन्होंने पीएम मोदी और गृहमंत्री के साथ-साथ देश के बिजनेस टाइकून अडानी-अंबानी पर भी निशाना साधा। जम्मू-कश्मीर के एलजी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि यहां अब एक राजा का शासन स्थापित किया जा चुका है। वह राजा और कोई नहीं बल्कि एलजी हैं। बता दें कि जम्मू कश्मीर में 18 सितंबर से तीन फेज में विधानसभा चुनाव होने हैं।
जम्मू-कश्मीर से छीना गया स्टेटहुड - राहुल
राहुल गांधी ने रैली में जनता को संबोधित करते हुए कहा कि जम्मू-कश्मीर से स्टेट का दर्जा छीना गया है। जम्मू-कश्मीर को यह दर्जा वापस दिलाने के लिए हम प्रतिबद्ध हैं। पहले देश में केंद्र शासित प्रदेश को राज्य बनाया जाता था, लेकिन अब हमारे देश के प्रधानमंत्री राज्य को ही केंद्र शासित प्रदेश बना रहे हैं। उन्होंने पीएम को लेकर कहा कि पहले वो छाती फैलाकर चलते थे, लेकिन अब कंधे झुकाकर चलते हैं। इस बार संसद में उन्हें संविधान को सिर पर रख आना पड़ा।











