राहुल गांधी के लिए अनोखा सरप्राइज! युवाओं ने हाथ पर बनवाया टैटू, देखें VIDEO

इंदौर में 19 सितंबर को होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम से पहले कांग्रेस और युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह नजर आ रहा है। राहुल गांधी को सरप्राइज देने के लिए युवाओं ने अनोखा तरीका अपनाया है। करीब 20 से ज्यादा आदिवासी युवा टैटू बनवाने पहुंचे। इन युवाओं ने अपने हाथों पर राहुल गांधी के नाम और तस्वीर से जुड़े टैटू बनवाए।
हाथ पर बनवाया राहुल गांधी का टैटू
कांग्रेस कार्यकर्ताओं के मुताबिक, युवाओं ने यह टैटू कार्यक्रम में अपनी भागीदारी और राहुल गांधी के प्रति अपने उत्साह को दिखाने के लिए बनवाए हैं। युवाओं की योजना है कि वे 19 सितंबर को कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी के सामने पहुंचकर उन्हें यह खास सरप्राइज देंगे।
युवा कांग्रेस नेताओं के नेतृत्व में बनवाए टैटू
बताया गया कि यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और प्रदेश प्रभारी शिवी चौहान तथा यूथ कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष निखिल वर्मा के नेतृत्व में युवाओं ने टैटू बनवाए। टैटू बनवाने वालों में आदिवासी वर्ग के युवा भी शामिल रहे।
शिक्षा और छात्रों के मुद्दों पर होगा संवाद
राहुल गांधी 19 सितंबर को इंदौर में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में छात्रों और युवाओं से संवाद करेंगे। उन्होंने छात्रों से शिक्षा व्यवस्था, उनकी समस्याओं, पढ़ाई और भविष्य से जुड़े मुद्दों पर अपनी बात साझा करने की अपील की है।
प्रचार के लिए अपनाए जा रहे अलग-अलग तरीके
कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस की तैयारियां लगातार जारी हैं। युवाओं तक पहुंचने के लिए जींस-टीशर्ट, नुक्कड़ नाटक, गिटार और डांस जैसे अलग-अलग तरीकों का इस्तेमाल किया जा रहा है। अब टैटू बनवाने वाले ये युवा 19 सितंबर को राहुल गांधी से मुलाकात के दौरान अपने इस अंदाज से उन्हें सरप्राइज देने की तैयारी में हैं।




















