राहुल गांधी का अमेठी से चुनाव लड़ना तय, आधिकारिक घोषणा देर रात तक होने की उम्मीद, नॉमिनेशन का आखिरी दिन कल

Follow on Google News
राहुल गांधी का अमेठी से चुनाव लड़ना तय, आधिकारिक घोषणा देर रात तक होने की उम्मीद, नॉमिनेशन का आखिरी दिन कल
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश की अमेठी और रायबरेली लोकसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवारों को लेकर संशय जल्द ही खत्म होने वाला है। राहुल गांधी का अमेठी सीट से चुनाव लड़ना लगभग तय है। वहीं सूत्रों के हवाले से खबर है कि राहुल गांधी के नाम से अमेठी से ऑनलाइन नामांकन फॉर्म खरीदा गया है। वह कल नामांकन भर सकते हैं। गुरुवार सुबह को अमेठी पहुंचे सोनिया गांधी के प्रतिनिधि किशोरी लाल शर्मा ने कहा- गांधी परिवार का सदस्य ही चुनाव लड़ेगा। राहुल गांधी 2004 से लगातार तीन बार अमेठी निर्वाचन क्षेत्र से संसद सदस्य चुने गए थे। वह 2019 में भाजपा की नेता स्मृति ईरानी से चुनाव हार गए थे।

दोनों सीट पर नामांकन की तैयारियां शुरू

दरअसल, शुक्रवार को अमेठी और रायबरेली सीट पर नामांकन पत्र दाखिल करने का आखिरी दिन है। इसके मद्देनजर पार्टी के आज रात तक इन दो प्रतिष्ठित निर्वाचन क्षेत्रों से अपने उम्मीदवारों की घोषणा करने की उम्मीद है। सूत्रों ने कहा कि पार्टी ने उत्तर प्रदेश की दोनों सीट पर नामांकन पत्र दाखिल करने की तैयारियां शुरू कर दी है। अमेठी और रायबरेली गांधी-नेहरू परिवार के पारंपरिक क्षेत्र माने जाते हैं, क्योंकि इस परिवार के सदस्यों ने कई दशकों तक इन सीटों का प्रतिनिधित्व किया है।

नामांकन के वक्त सोनिया गांधी भी रहेंगी मौजूद

सूत्रों ने बताया कि राहुल गांधी अमेठी सीट के लिए पार्टी की सबसे संभावित पसंद हैं। साथ ही बताया कि कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी के भी शुक्रवार को नामांकन पत्र दाखिल करने के वक्त मौजूद रहने की संभावना है। यदि प्रियंका गांधी रायबरेली से चुनाव नहीं लड़ती हैं तो कांग्रेस ने एक वैकल्पिक योजना तैयार की है। इस योजना के तहत इंदिरा गांधी की नजदीकी रिश्तेदार एवं कांग्रेस की पूर्व नेता शीला कौल के पौत्र को रायबरेली से चुनाव मैदान में उतारा जा सकता है।

20 मई को अमेठी और रायबरेली में होगा मतदान

राहुल गांधी वर्तमान में केरल के वायनाड निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं। उन्होंने इस सीट पर 2019 के लोकसभा चुनाव में जीत दर्ज की थी। इस बार भी राहुल वायनाड से चुनाव मैदान में हैं। सात चरण के आम चुनाव के पांचवें चरण में 20 मई को अमेठी और रायबरेली निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान होगा। राहुल गांधी पहले ही कह चुके हैं कि उन्हें अपनी पार्टी से ‘‘जो भी आदेश मिलेगा, उसका वह पालन करेंगे।'' वर्ष 2004 से 2024 तक रायबरेली निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व सोनिया गांधी ने किया। इससे पहले सोनिया गांधी ने राजनीति में प्रवेश करने के बाद अमेठी लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया था और 1999 में पहली बार चुनाव लड़ा था। कांग्रेस ने विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया' के घटक दल के रूप में उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी (सपा) के साथ गठबंधन किया है और कांग्रेस राज्य की 17 लोकसभा सीट पर चुनाव लड़ रही है। ये भी पढ़ें- ओडिशा सीएम नवीन पटनायक 2 जगह से लड़ेंगे चुनाव, कांटाबांजी सीट से दाखिल किया नामांकन
Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts