हॉलीवुड में प्रियंका का नया धमाका, सर्वाइवल थ्रिलर में दिखेंगी ऑरलैंडो ब्लूम संग

हॉलीवुड में लगातार अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज करा रहीं प्रियंका चोपड़ा जोनस के हाथ एक और बड़ा इंटरनेशनल प्रोजेक्ट लगा है। अभिनेत्री जल्द ही सर्वाइवल थ्रिलर फिल्म ‘रीसेट’ में नजर आएंगी। इस फिल्म में उनके साथ हॉलीवुड स्टार ऑरलैंडो ब्लूम मुख्य भूमिका निभाएंगे। दोनों सितारों की नई जोड़ी को लेकर अभी से जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।
पहली बार प्रियंका और ऑरलैंडो शेयर करेंगे स्क्रीन
फिल्म की घोषणा के साथ ही सोशल मीडिया पर प्रियंका और ऑरलैंडो की जोड़ी चर्चा में आ गई है। हॉलीवुड में प्रियंका की लगातार बढ़ती लोकप्रियता के बीच इस प्रोजेक्ट को उनके करियर का एक और बड़ा कदम माना जा रहा है। फैंस खास तौर पर इस बात को लेकर उत्साहित हैं कि पहली बार प्रियंका और ऑरलैंडो किसी फिल्म में साथ स्क्रीन शेयर करते नजर आएंगे।
निर्देशक को पसंद आई दोनों सितारों की केमिस्ट्री
रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म का निर्देशन मैट स्मूकलर करेंगे, जबकि इसकी शूटिंग इसी साल अगस्त से शुरू होने वाली है। निर्देशक का मानना है कि फिल्म की कहानी ऐसी थी, जिसमें कलाकारों के बीच आकर्षण और अविश्वास दोनों का संतुलन जरूरी था। उनके मुताबिक, प्रियंका और ऑरलैंडो की जोड़ी इस चुनौती पर पूरी तरह खरी उतरती है और यही वजह है कि दोनों को इस प्रोजेक्ट के लिए चुना गया।
रहस्य और सस्पेंस से भरी होगी कहानी
फिल्म की कहानी लेखक जॉर्डन रॉलिन्स ने लिखी है। कहानी एक ऐसी महिला के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसका किरदार प्रियंका निभा रही हैं। वह अचानक खुद को सभ्यता से दूर एक सुनसान जंगल में फंसा पाती है। उसे यह तक याद नहीं रहता कि वह वहां कैसे पहुंची। ऐसे में अपनी जान बचाने के लिए उसे एक अजनबी व्यक्ति पर भरोसा करना पड़ता है, जिसका किरदार ऑरलैंडो निभाएंगे, लेकिन कहानी में बड़ा मोड़ तब आता है जब उस अजनबी की असलियत पर सवाल खड़े होने लगते हैं।
ये भी पढ़ें: इंस्टाग्राम से गायब हुआ प्यार! क्या टूटने की कगार पर है मौनी रॉय और सूरज नांबियार का रिश्ता?
अभिनय के साथ निर्माण में भी निभाएंगी बड़ी भूमिका
फिल्म का निर्माण कई बड़े बैनरों के साथ मिलकर किया जा रहा है। खास बात यह है कि प्रियंका की प्रोडक्शन कंपनी पर्पल पेबल पिक्चर्स और ऑरलैंडो की कंपनी अमेजिंग आउल भी इस प्रोजेक्ट से जुड़ी हैं। ऐसे में प्रियंका सिर्फ अभिनेत्री के तौर पर ही नहीं, बल्कि बतौर निर्माता भी फिल्म में अहम जिम्मेदारी निभाती नजर आएंगी।
हॉलीवुड में लगातार मजबूत हो रही प्रियंका की पकड़
बीते कुछ वर्षों में प्रियंका ने हॉलीवुड में अपनी अलग पहचान बनाई है। उनकी हालिया फिल्म ‘द ब्लफ’ को वैश्विक स्तर पर शानदार प्रतिक्रिया मिली, जबकि ‘हेड अॉफ स्टेट’ ने को भी दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला है। बतौर निर्माता भी उनका ट्रैक रिकॉर्ड मजबूत रहा है और उन्होंने कई चर्चित प्रोजेक्ट्स को सपोर्ट किया है।
आने वाले समय में कई बड़े प्रोजेक्ट्स में दिखेंगी प्रियंका
प्रियंका जल्द ही अपनी चर्चित वेब सीरीज ‘सिटाडेल’ के दूसरे सीजन में नजर आने वाली हैं। इसके अलावा वह निर्देशक एस. एस. राजामौली की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘वाराणसी’ का भी हिस्सा हैं। ऐसे में ‘रीसेट’ का ऐलान उनके इंटरनेशनल करियर को और मजबूत करने वाला कदम माना जा रहा है।











