Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

MP News :फिल्मी स्टाइल में जेल से भागा कैदी, छुपने के लिए पहुंच गया ससुराल, निकला छत्तीगसढ़ कनेक्शन

शाजापुर की जेल से एक कैदी फिल्मी स्टाइल में भाग निकला। वह पाइप के सहारे दीवार पर चढ़ा और प्रहरियों को चकमा देने में सफल रहा। हालांकि उसकी आजादी ज्यादा देर नहीं रह सकी और उसे फिर जेल की चारदीवारी में पहुंचना पड़ा।
फिल्मी स्टाइल में जेल से भागा कैदी, छुपने के लिए पहुंच गया ससुराल, निकला छत्तीगसढ़ कनेक्शन
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    शाजापुर। स्थानीय जेल से एक कैदी पाइप के सहारे फिल्मी अंदाज में फरार हो गया। 15 मार्च की दोपहर करीब 12 बजे जेल से भागने वाला जीवन उर्फ जयराम कई दिनों तक पुलिस को छकाता रहा, लेकिन उसकी ‘भागमभाग’ का अंत छत्तीसगढ़ में उसकी ससुराल पर हुआ। पुलिस टीम ने लंबी खोजबीन के बाद उसे वहीं से दबोच लिया और कड़ी सुरक्षा के बीच वापस शाजापुर ले आई।

    जेल और पुलिस महकमे में हड़कंप

    करीब चार महीने से जेल में बंद इस कैदी के फरार होते ही जेल प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था। जेल अधीक्षक डीके पगारे के निर्देश पर तत्काल एक स्पेशल टीम गठित की गई। हर संभावित ठिकाने पर दबिश दी गई, CCTV फुटेज खंगाले गए और मुखबिरों को सक्रिय किया गया। पुलिस के लिए यह मामला प्रतिष्ठा का सवाल बन चुका था, इसलिए हर एंगल से जांच शुरू कर दी गई।

    छत्तीसगढ़ में ससुराल से धर दबोचा

    जांच के दौरान पुलिस को बड़ा सुराग हाथ लगा कि फरार कैदी छत्तीसगढ़ में छिपा हुआ है। इसके बाद टीम ने बिना समय गंवाए वहां दबिश दी। फिल्मी अंदाज में हुई इस कार्रवाई में आरोपी को उसकी ससुराल से पकड़ लिया गया। बताया जा रहा है कि वह यहां खुद को सुरक्षित समझकर छिपा बैठा था, लेकिन पुलिस की पैनी नजर से बच नहीं सका। गिरफ्तारी के बाद उसे सख्त सुरक्षा में वापस शाजापुर लाया गया।

    इस तरह पहुंचा था ससुराल

    कैदी के मुताबिक वह जेल की दीवार फांदने के बाद दो-तीन मोटरसाइकिल वालों से लिफ्ट लेकर बेरछा रेलवे स्टेशन पहुंचा था। किराए और खर्च के लिए उसने लोगों से रुपए मांगे। इसके बाद वह तीन अलग-अलग ट्रेनों से छत्तीसगढ़ के दल्लीराजहरा भोयाटोला स्थित अपनी ससुराल पहुंचा था।

    गिरफ्तारी के बाद पलटी कहानी

    पकड़े जाने के बाद कैदी ने मीडिया के सामने कई चौंकाने वाले खुलासे किए। उसने बताया कि किस तरह उसने जेल से भागने की योजना बनाई और लंबा सफर तय कर छत्तीसगढ़ पहुंचा। हालांकि, इस बीच उसने एक नया मोड़ देते हुए एक सब इंस्पेक्टर पर गंभीर आरोप भी जड़ दिए। आरोपी का कहना है कि उसे झूठे मामले में फंसाया गया है और उसने कोई गलती नहीं की। फिलहाल वह घायल हालत में है, उसके पैर में दर्द है और खड़े होने में भी परेशानी हो रही है। अब इस पूरे मामले में पुलिस और जेल प्रशासन आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटे हैं। इस मामले में एक प्रहरी प्रदीप वर्मा को निलंबित किया गया है। गौरतलब है कि इससे पहले वर्ष 2010 में भी शाजापुर जेल से एक कैदी फरार हो गया था।

    Naresh Bhagoria
    By Naresh Bhagoria

    नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...Read More

    Latest Posts