कटनी। मध्यप्रदेश के कटनी जिले में सड़क सुरक्षा और आधुनिक तकनीक की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। कटनी यातायात थाने में अत्याधुनिक ‘ट्रैफिक पाठशाला’ और ‘वर्चुअल ड्राइविंग सिम्युलेटर रूम’ का शुभारंभ किया गया। इसके साथ ही कटनी प्रदेश का पहला ऐसा यातायात थाना बन गया है, जहां जन-सहयोग से आधुनिक सिम्युलेटर के जरिए ड्राइविंग की ट्रेनिंग दी जाएगी।

इस पहल का उद्घाटन पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने फीता काटकर किया। उद्घाटन के मौके पर डीएवी स्कूल के छात्र-छात्राओं को सिम्युलेटर के जरिए वर्चुअल राइडिंग का अनुभव कराया गया। इस दौरान छात्रों ने बिना सड़क पर उतरे ही ड्राइविंग के नियम और तकनीक को समझा, जिससे उनका उत्साह भी देखने लायक रहा।
एसपी विश्वकर्मा ने बताया कि इस आधुनिक सेटअप का मकसद युवाओं को सड़क पर उतरने से पहले एक सुरक्षित डिजिटल वातावरण में ड्राइविंग की बारीकियां सिखाना है। सिम्युलेटर के जरिए नए चालक बिना किसी खतरे के अपनी गलतियों को सुधार सकेंगे और ट्रैफिक नियमों को बेहतर तरीके से समझ पाएंगे।
यह पूरा प्रोजेक्ट कैल्डेरिस कंपनी के सहयोग से तैयार किया गया है। उद्घाटन के दौरान कंपनी के अधिकारी भी मौजूद रहे। पुलिस प्रशासन ने इस पहल को जन-सहयोग का बेहतरीन उदाहरण बताते हुए कहा कि इससे सड़क सुरक्षा को मजबूत करने में मदद मिलेगी।
ये भी पढ़ें: कटनी : उत्कल एक्सप्रेस के टॉयलेट में मिली नवजात, मुड़वारा स्टेशन पर हड़कंप
इस हाईटेक ट्रैफिक केंद्र में कई आधुनिक सुविधाएं दी गई हैं जो इसे खास बनाती हैं।
एसपी अभिनय विश्वकर्मा ने कहा कि यह कटनी के लिए गर्व की बात है कि यहां से इस तरह की पहल की शुरुआत हुई है। उनका मानना है कि आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल से सड़क दुर्घटनाओं को कम करने में मदद मिलेगी और लोग ट्रैफिक नियमों के प्रति ज्यादा जागरूक होंगे।