PlayBreaking News

भोपाल में महिला सम्मेलन को संबोधित करेंगे पीएम मोदी, लोकमाता अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती पर होंगे शामिल

31 मई को जंबूरी मैदान में होगा महिला सशक्तिकरण सम्मेलन, 1 लाख महिलाओं की होगी भागीदारी, पीएम करेंगे डाक टिकट और स्मृति सिक्के जारी
Follow on Google News
भोपाल में महिला सम्मेलन को संबोधित करेंगे पीएम मोदी, लोकमाता अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती पर होंगे शामिल
भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगामी 31 मई को भोपाल में लोकमाता देवी अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती के अवसर पर आयोजित महिला सशक्तिकरण सम्मेलन को संबोधित करेंगे। यह जानकारी मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को दी। सीएम ने प्रधानमंत्री के दौरे की तैयारियों को लेकर उच्चस्तरीय बैठक की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि यह सम्मेलन राजधानी भोपाल के जंबूरी मैदान में आयोजित होगा और इसमें एक लाख से अधिक महिलाओं के शामिल होने की संभावना है।

लोकमाता को समर्पित डाक टिकट और सिक्के होंगे जारी

मुख्यमंत्री ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान लोकमाता अहिल्याबाई होलकर की स्मृति में डाक टिकट और विशेष सिक्के भी जारी किए जाएंगे। इस आयोजन का संयोजन पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग और संस्कृति मंत्रालय द्वारा किया जा रहा है, जिसमें केंद्र सरकार का सहयोग प्राप्त है।

महिला सशक्तिकरण का बनेगा उदाहरण

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए लिखा, 'पीएम मोदी आगामी 31 मई को भोपाल में लोकमाता देवी अहिल्याबाई होलकर जी की 300वीं जयंती पर आयोजित महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम और महिला सम्मेलन में सहभागिता करेंगे।' सीएम ने बताया कि इस सम्मेलन में महिला सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता और रोजगार से जुड़ी महिलाओं की उपलब्धियों को दर्शाया जाएगा।

महिलाओं को मिलेगी जिम्मेदारी

मुख्यमंत्री ने बताया कि सम्मेलन की संपूर्ण व्यवस्था जैसे मंच प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, यातायात संचालन, मीडिया समन्वय और सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण कार्यों की कमान महिलाओं को सौंपी जाएगी। उन्होंने इसे 'राज्य में महिला सशक्तिकरण का प्रभावी उदाहरण' बताया।

सम्मेलन में होंगे विभिन्न स्टॉल और प्रदर्शनियां

सम्मेलन में महिला स्व-सहायता समूहों, स्टार्टअप्स, रोजगार-उद्योग, स्वास्थ्य, शिक्षा, और अन्य क्षेत्रों में उनके योगदान को प्रदर्शित करने के लिए विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य की महिलाएं अब नगर निकायों, पंचायतों, सरकारी सेवाओं से लेकर इंजीनियरिंग, चिकित्सा और शिक्षण जैसे विशिष्ट क्षेत्रों में भी अग्रणी भूमिका निभा रही हैं।

महिलाओं की सुविधाओं के निर्देश

सीएम यादव ने सम्मेलन में भाग लेने वाली महिलाओं के लिए सुगम आगमन-प्रस्थान, बैठने की समुचित व्यवस्था, पर्याप्त पेयजल, और भोजन व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश अधिकारियों को दिए। इस उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री के साथ-साथ परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह, संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी, और मुख्य सचिव अनुराग जैन भी मौजूद थे।
Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts