Happy Independence Day
🌤️
--Bhopal, India

PlayBreaking News

अब दशकों नहीं, सिर्फ 5-7 साल! जानिए PM मोदी का भारत को बदलने वाला ‘सप्तधारा’ प्लान

लाल किले से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकसित भारत के लिए ‘शक्ति की सप्तधारा’ का विजन सामने रखा। उन्होंने कहा कि अगले 5 से 7 साल में देश उन लक्ष्यों को हासिल करने की कोशिश करेगा, जिनमें दशकों का समय लगा। मैन्युफैक्चरिंग, खेती, तकनीक, कनेक्टिविटी, रक्षा, ग्रीन इकोनॉमी और सॉफ्ट पावर को इसकी सात बड़ी ताकतें बताया।
Follow on Google News
अब दशकों नहीं, सिर्फ 5-7 साल! जानिए PM मोदी का भारत को बदलने वाला ‘सप्तधारा’ प्लान
लाल किले से पीएम मोदी का संबोधन

नई दिल्ली। 80वें स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले की प्राचीर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत के विकास को नई दिशा देने के लिए ‘शक्ति की सप्तधारा’ का जिक्र किया। पीएम मोदी के मुताबिक, इन सात क्षेत्रों को मजबूत करके देश 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ सकता है। उन्होंने कहा कि आने वाले 5 से 7 साल में ऐसे काम करने होंगे, जिनका इंतजार देश ने लंबे समय तक किया है। इस विजन में युवाओं की क्षमता को भी अहम माना गया है। प्रधानमंत्री ने मैन्युफैक्चरिंग से लेकर तकनीक, रक्षा, हरित अर्थव्यवस्था और भारत की सांस्कृतिक ताकत तक कई क्षेत्रों पर जोर दिया।

पहली ताकत: देश में उत्पादन को मिलेगी नई रफ्तार

पीएम मोदी ने ‘सप्तधारा’ की पहली शक्ति मैन्युफैक्चरिंग को बताया। उनका जोर भारत में छोटे पुर्जों से लेकर बड़े उत्पाद तक बनाने पर रहा। उन्होंने कहा कि डिजाइन से लेकर तैयार सामान तक पूरी प्रक्रिया देश में मजबूत होनी चाहिए। भारत को दुनिया की सप्लाई चेन में भरोसेमंद भागीदार बनाने के लिए लागत, गुणवत्ता और उत्पादन की क्षमता पर ध्यान देना होगा।

ये भी पढ़ें: 80वां स्वतंत्रता दिवस पर मोहन भागवत बोले जिम्मेदारी, योगी ने गिनाईं चुनौतियां... मायावती और सम्राट चौधरी ने भी बताया आजादी का मतलब

दूसरी ताकत: खेत से दुनिया के बाजार तक पहुंचेगा किसान

सप्तधारा की दूसरी शक्ति खेती और फूड प्रोसेसिंग है। पीएम मोदी ने कहा कि भारतीय मसाले, फल, फूल, बाजरा और दूसरे कृषि उत्पाद दुनिया के बाजार में अपनी पहचान बना सकते हैं। इसके लिए खेत से लेकर प्रोसेसिंग और फिर एक्सपोर्ट तक पूरी व्यवस्था को मजबूत करने की जरूरत है।

तीसरी ताकत: AI और नई तकनीक में भारत बनेगा आगे

टेक्नोलॉजी और इनोवेशन को तीसरी शक्ति बताया गया। पीएम ने AI, क्वांटम, रोबोटिक्स, स्पेस और डेटा सेंटर जैसे क्षेत्रों में भारत को आगे ले जाने की बात कही। उनका लक्ष्य देश को इनोवेशन का बड़ा केंद्र बनाने का है, ताकि नई तकनीक में भारत दूसरे देशों पर निर्भर न रहे।

चौथी ताकत: तेज कनेक्टिविटी से बढ़ेगी विकास की रफ्तार

गति शक्ति को चौथी धारा बताते हुए पीएम मोदी ने बेहतर कनेक्टिविटी पर जोर दिया। आधुनिक हाईवे, तेज रेल, एयरपोर्ट, पोर्ट और मल्टी-मॉडल ट्रांसपोर्ट के जरिए शहरों और कारोबार को तेजी से जोड़ने की बात कही गई। इससे सामान की आवाजाही आसान और व्यापार की रफ्तार तेज करने का लक्ष्य है।

पांचवीं ताकत: रक्षा में आत्मनिर्भर बनेगा भारत

रक्षा उत्पादन को सप्तधारा की पांचवीं शक्ति बताया गया। पीएम मोदी ने कहा कि भारत को अपनी सुरक्षा जरूरतों के लिए दूसरे देशों पर निर्भरता कम करनी होगी। देश में रक्षा सामान का उत्पादन बढ़ाने के साथ भारत को दुनिया के लिए रक्षा उत्पाद तैयार करने वाला मजबूत देश बनाने पर जोर दिया गया।

छठी ताकत: ग्रीन और ब्लू इकोनॉमी पर फोकस

ग्रीन और ब्लू इकोनॉमी सप्तधारा की छठी शक्ति है। इसमें रिन्यूएबल एनर्जी, ग्रीन हाइड्रोजन, एनर्जी स्टोरेज और ग्रीन मैन्युफैक्चरिंग जैसे क्षेत्रों को बढ़ाने की बात कही गई। समुद्र से जुड़े कारोबार, मत्स्य पालन और समुद्री तकनीक में भी भारत के लिए नए अवसर तलाशने पर जोर दिया गया।

ये भी पढ़ें: 15 अगस्त को भारत ही नहीं, ये देश भी मनाते हैं जश्न, कहीं आजादी तो कहीं राष्ट्रीय दिवस

सातवीं ताकत: योग और संस्कृति से बढ़ेगा भारत का प्रभाव

भारत के सॉफ्ट पावर को सातवीं शक्ति बताया गया। पीएम मोदी ने योग, आयुर्वेद, संस्कृति, हस्तशिल्प, फिल्म, गेमिंग और क्रिएटिव क्षेत्र को भारत की बड़ी ताकत बताया। उनका कहना है कि इन क्षेत्रों के जरिए भारत दुनिया में अपनी अलग पहचान और प्रभाव को और मजबूत कर सकता है।

Aditi Rawat
By Aditi Rawat

अदिति रावत | MCU, भोपाल से M.Sc.(न्यू मीडिया टेक्नॉलजी) | एंकर, न्यूज़ एक्ज़िक्यूटिव की जिम्मेदारिय...Read More

icon

Latest Posts