Planetary Parade : फरवरी 2025 में दिखेगा ग्रहों का अद्भुत एलाइनमेंट, एक सीधी रेखा में आएंगे सात ग्रह, एलियन जीवन का पता लगाना संभव

28 फरवरी 2025 को आसमान में एक अनोखी खगोलीय घटना देखने को मिलेगी, जब सात ग्रह एक साथ एक सीधी रेखा में दिखाई देंगे। इस अद्भुत नजारे में बुध, शुक्र, मंगल, बृहस्पति, शनि, यूरेनस और नेपच्यून एक साथ नजर आएंगे। एस्ट्रोनॉमर्स के अनुसार, यह घटना केवल एक रात के लिए होगी और यह दुर्लभ संयोग वैज्ञानिक अध्ययन के लिए भी बेहद खास है। इससे हमें सोलर सिस्टम, स्पेस यात्रा और अन्य ग्रहों के बारे में नई जानकारियां भी मिल सकती हैं।
कैसे होता है ग्रहों का एलाइनमेंट
हमारे सोलर सिस्टम के सभी ग्रह अलग-अलग गति से सूर्य की परिक्रमा करते हैं। बुध, जो सूर्य के सबसे करीब है, केवल 88 दिनों में अपनी परिक्रमा पूरी कर लेता है, जबकि सबसे दूर स्थित नेपच्यून को यह यात्रा पूरी करने में 165 साल लगते हैं। ग्रहों की यह गति कभी-कभी उन्हें सूर्य के एक ही तरफ एक सीध में ले आती है, जिसे ग्रहों का एलाइनमेंट (Planetary Alignment) कहा जाता है। 28 फरवरी की रात, यदि मौसम साफ रहा, तो सभी सात ग्रह एक ही समय में देखे जा सकते हैं। इस प्रकार की घटनाओं को 'ग्रहों की परेड' (Planetary Parade) भी कहा जाता है।खुली आंखों से देख सकते हैं कुछ ग्रह
- बुध, शुक्र, मंगल, बृहस्पति और शनि को खुली आंखों से देखा जा सकता है।
- यूरेनस और नेपच्यून को देखने के लिए दूरबीन या टेलीस्कोप की जरूरत होगी।












