पटना में गंगा नदी में पलटी नाव :2 की मौत, कई लापता; सब्जियां लेकर लौट रहे थे सभी

पटना। बिहार की राजधानी पटना से सटे बाढ़ अनुमंडल में गुरुवार सुबह गंगा नदी में बड़ा नाव हादसा हो गया। उमानाथ मंदिर घाट के सामने तेज हवा के कारण यात्रियों से भरी एक छोटी नाव अचानक पलट गई। हादसे में अब तक 2 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 5 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। राहत की बात यह है कि, 7 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।
घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घाट पर मौजूद लोगों ने चीख-पुकार सुनकर तुरंत बचाव शुरू किया। सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस, SDRF और NDRF की टीम मौके पर पहुंच गई और गंगा नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया।
सुबह सब्जियां लेकर लौट रहे थे सभी लोग
जानकारी के अनुसार, बाढ़ थाना क्षेत्र के मासूमगंज बिंद टोली के रहने वाले 14 लोग गुरुवार सुबह करीब 5:45 बजे नाव से समस्तीपुर जिले के सुल्तानपुर दियारा, मोहिउद्दीननगर गए थे। यहां लोग रोज की तरह परवल तोड़ने और खेती से जुड़े काम करने पहुंचे थे। काम खत्म करने के बाद सभी लोग नाव से वापस लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि नाव में सब्जियां भी लदी हुई थीं। जैसे ही नाव गंगा नदी की बीच धारा में पहुंची, अचानक तेज हवा चलने लगी और नाव असंतुलित होकर पलट गई।
महिलाएं और बच्चे भी थे नाव में सवार
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक नाव पर अधिकतर महिलाएं और बच्चे सवार थे। हादसे के बाद कई लोग नदी की तेज धारा में बहने लगे। कुछ लोगों ने तैरकर जान बचाई, जबकि आसपास मौजूद नाविकों और स्थानीय लोगों ने दूसरी नाव की मदद से कई लोगों को बाहर निकाला। स्थानीय लोगों का कहना है कि, अगर तुरंत मदद नहीं मिलती तो मौत का आंकड़ा और बढ़ सकता था।
दो शव बरामद, पांच लोगों की तलाश जारी
प्रशासन ने अब तक दो लोगों की मौत की पुष्टि की है। मृतकों की पहचान-
- नीलम कुमारी (30)
- काशी कुमार (15)
वहीं पांच लोग अब भी लापता हैं। SDRF और NDRF की टीम लगातार गंगा नदी में सर्च ऑपरेशन चला रही है। गोताखोरों की मदद से नदी के कई हिस्सों में तलाश की जा रही है।
घायलों का अस्पताल में इलाज जारी
हादसे में घायल लोगों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में श्रवण कुमार, राहुल कुमार, ममता देवी, कबूतरी कुमारी और 16 साल की एक किशोरी शामिल हैं। कुछ अन्य लोगों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।
तेज हवा बनी हादसे की वजह
बाढ़ के एसडीपीओ रामकृष्ण ने बताया कि शुरुआती जांच में तेज हवा को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। नाव पर कुल 14 लोग सवार थे, जिनमें से सात को सुरक्षित बचा लिया गया है। प्रशासन ने बताया कि राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है। पटना और समस्तीपुर प्रशासन आपसी समन्वय के साथ स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
घाट पर पसरा मातम
घटना की खबर मिलते ही उमानाथ गंगा घाट पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई। परिजन अपने अपनों की तलाश में घाट पर रोते-बिलखते नजर आए। पूरे इलाके में मातम का माहौल है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और बचाव कार्य में सहयोग करने की अपील की है।











