Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

हम खिलाड़ी हैं या मजदूर?पाक टीम ने किया झाड़ू-पोछा, टॉयलेट साफ कर शुरू हुआ दिन

ऑस्ट्रेलिया दौरे से लौटने के बाद पाकिस्तान की नेशनल हॉकी टीम के कप्तान अम्माद शकील बट ने टीम मैनेजमेंट पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि खिलाड़ियों को बुनियादी सुविधाएं तक नहीं दी गईं और मैच से पहले किचन, बर्तन और वॉशरूम साफ करवाए गए।
पाक टीम ने किया झाड़ू-पोछा, टॉयलेट साफ कर शुरू हुआ दिन
Ai Generated
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    पाकिस्तान की नेशनल हॉकी टीम के कप्तान अम्माद शकील बट ने ऑस्ट्रेलिया दौरे से लौटने के बाद चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। लाहौर एयरपोर्ट पर उन्होंने पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन (PHF) पर खिलाड़ियों के साथ खराब व्यवहार और गलत प्रबंधन के आरोप लगाए। उनके बयान के बाद खेल जगत में हलचल मच गई है।

    खिलाड़ियों से साफ कराए टॉयलेट

    कप्तान अम्माद बट ने कहा कि दौरे के दौरान टीम को सुविधाएं भी ठीक से नहीं मिलीं। उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों को मैच खेलने से पहले किचन साफ करने, बर्तन धोने और यहां तक कि टॉयलेट साफ करने के लिए कहा गया। उनके अनुसार, यह किसी भी प्रोफेशनल टीम के साथ होने वाला व्यवहार नहीं है।

    उन्होंने कहा, जब खिलाड़ियों को मैदान में उतरने से पहले रसोई और वॉशरूम साफ करने पड़ें, तो उनसे अच्छे खेल की उम्मीद कैसे की जा सकती है? कप्तान ने साफ शब्दों में कहा कि मौजूदा मैनेजमेंट के साथ खेलना मुश्किल हो गया है।

    115 डॉलर में तीन वक्त का खाना

    बट ने यह भी बताया कि खिलाड़ियों को रोजाना 115 डॉलर डेली अलाउंस दिया गया और उसी रकम में दिन में तीन बार का खाना और बाकी जरूरतें पूरी करने को कहा गया। उनका कहना है कि यह रकम विदेशी दौरे के लिए पर्याप्त नहीं थी। उन्होंने आरोप लगाया कि टीम पर मानसिक दबाव बनाया गया और खिलाड़ियों को परेशान किया गया।

    टीम में फूट डालने की कोशिश

    कप्तान ने यह भी आरोप लगाया कि फेडरेशन ने टीम में मतभेद पैदा करने की कोशिश की। कुछ खिलाड़ियों को अलग से बुलाकर पूछा गया कि वे कप्तान के साथ हैं या फेडरेशन के साथ। हालांकि अम्माद बट ने कहा कि पूरी टीम एकजुट है और सभी खिलाड़ी उनके साथ खड़े हैं।
    उन्होंने यह भी बताया कि मीडिया से बात करने पर उन्हें बैन करने की धमकी दी गई थी, लेकिन उन्होंने सच सामने लाने का फैसला किया।

    होटल बुकिंग रद्द होने का मामला

    इस पूरे विवाद में एक और बड़ा मुद्दा सामने आया। पाकिस्तान स्पोर्ट्स बोर्ड (PSB) की डायरेक्टर जनरल नूरीश सबा ने बताया कि ऑस्ट्रेलिया में टीम के होटल की बुकिंग के लिए पहले ही भुगतान कर दिया गया था। लेकिन बाद में वे बुकिंग रद्द कर दी गईं। भुगतान न होने के कारण खिलाड़ियों को कई घंटों तक सड़कों पर इंतजार करना पड़ा। 

    बाद में वहां के स्थानीय पाकिस्तानी समुदाय ने मदद की और रहने की व्यवस्था की गई। इस मामले की विस्तृत रिपोर्ट प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ को भेजी जाएगी। प्रधानमंत्री ने इस मामले का संज्ञान लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं।

    गौरतलब है कि इस दौरे पर पाकिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया और जर्मनी के खिलाफ मैच खेले, लेकिन सभी मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा। पहले मैच में ऑस्ट्रेलिया ने पाकिस्तान को 3-2 से हराया।

    Garima Vishwakarma
    By Garima Vishwakarma

    गरिमा विश्वकर्मा | People’s Institute of Media Studies से B.Sc. Electronic Media की डिग्री | पत्रकार...Read More

    Latest Posts