Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

Rahul Gandhi IN MP : पचमढ़ी में कांग्रेस जिलाध्यक्षों के परिवार के साथ मीटिंग करेंगे, रविशंकर भवन में ठहरेंगे लोकसभा नेता प्रतिपक्ष

राहुल गांधी 8 नवंबर को कांग्रेस जिलाध्यक्षों के ट्रेनिंग कैंप में शामिल होंगे, देंगे संगठन को मजबूत करने के टिप्स
 पचमढ़ी में कांग्रेस जिलाध्यक्षों के परिवार के साथ मीटिंग करेंगे, रविशंकर भवन में ठहरेंगे लोकसभा नेता प्रतिपक्ष
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    भोपाल। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में प्रतिपक्ष राहुल गांधी 8 नवंबर से मप्र के दौरे पर हैं। वे शनिवार को भोपाल पहुंचने के बाद पचमढ़ी के लिए रवाना होंगे। पचमढ़ी में कांग्रेस के जिलाध्यक्षों का 10 दिवसीय ट्रेनिंग कैंप चल रहा है। कैंप में राहुल गांधी जिलाध्यक्षों से तो बात करेंगे ही, साथ ही साथ वे कांग्रेस जिलाध्यक्षों के परिजनों से भी मुलाकात करेंगे। कांग्रेस संगठन के नेताओं के लिए यह नया अनुभव होगा। पार्टी सूत्रों के अनुसार ऐसा पहली बार हो रहा है जब नेताओं के साथ उनके परिवार के सदस्यों से भी राहुल गांधी की अनौपचारिक बातचीत के लिए समय तय किया गया है। 

    मप्र के वरिष्ठ नेताओं के साथ स्पेशल सेशन

    राहुल गांधी शनिवार को दोपहर लगभग 2.30 बजे भोपाल पहुंचने के बाद हेलिकॉप्टर से पचमढ़ी के लिए रवाना होंगे। वे वहां मप्र के वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के साथ एक खास मीटिंग करेंगे। इसके बाद वे जिलाध्यक्षों के ट्रेनिंग कैंप में शामिल होने के लिए रवाना होंगे। राहुल गांधी कांग्रेस अध्यक्षों को वोटर लिस्ट के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर) पर खास सर्तकता बरतने के साथ ही कांग्रेस संगठन के मजबूती के टिप्स पर बात करेंगे। राहुल गांधी और कांग्रेस जिलाध्यक्षों की यह बातचीत तीन घंटे चलेगी। राहुल आने वाले नगरीय निकाय चुनावों को लेकर भी बात कर सकते हैं।

    वन टू वन चर्चा के बाद डिनर

    ट्रेनिंग कैंप में राहुल गांधी का जिलाध्यक्षों के साथ वन टू वन बातचीत का शेड्यूल भी फिक्स किया गया है। कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक कोशिश रहगे कि सभी अध्यक्षों की राहुल गांधी के साथ अलग-अलग बात हो सके, जिससे वे अपने क्षेत्र की समस्याओं और ताकत पर बात कर सकें। इसके बाद जिलाध्यक्षों के साथ राहुल गांधी डिनर भी करेंगे। इसके साथ ही वे हाल ही में रिनोवेट किए गए रविशंकर शुक्ल भवन में रात्रि विश्राम करेंगे। राहुल गांधी के सत्र से पहले वरिष्ठ नेता, राज्यसभा सदस्य विवेक तन्खा का एक प्रेजेंटेशन होगा।

    कल दिग्वजय, पटवारी और सिंघार की पीसी 

    राहुल गांधी के मध्यप्रदेश दौरे को लेकर वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार भोपाल में पत्रकार वार्ता करेंगे। उल्लेखनीय है कि संगठन सृजन प्रशिक्षण शिविर 12 नवंबर तक चलेगा। इसमें वरिष्ठ नेता सचिन राव और अन्य प्रदेशों के विषय विशेषज्ञ अलग-अलग विषयों पर सत्र ले रहे हैं। 

    भाजपा नेता बोले छुट्टी मनाने हिल स्टेशन जा रहे हैं

    राहुल गांधी के पचमढी पहुंचने को लेकर भाजपा ने तंज कसा है। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. हितेष वाजपेयी ने अपने एक्स हैंडल पर एक पोस्ट में लिखा है कि-'राहुल गांधी ने पहले राउंड की वोटिंग को देखकर बिहार छोड़ा क्यों? छुट्टी मनाने कौन से हिल स्टेशन जा रहे हैं राहुल पता कीजिए।' गौरतलब है कि पचमढ़ी मप्र का एकमात्र हिल स्टेशन है।

    Twitter Post

     

    Naresh Bhagoria
    By Naresh Bhagoria

    नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...

    Latest Posts