Ind vs AFG :अफगानिस्तान सीरीज में नए चेहरों की एंट्री, शमी समेत इन 5 क्रिकेटर्स के करियर पर मंडराया संकट!

स्पोर्ट्स डेस्क। BCCI ने अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली टेस्ट और वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान कर दिया है। अफगानिस्तान भारत दौरे पर 6 से 10 जून के बीच न्यू चंडीगढ़ में एकमात्र टेस्ट मैच खेलेगा। इसके बाद 14 जून से तीन मैचों की वनडे सीरीज शुरू होगी। इस सीरीज में चार नए खिलाड़ियों को पहली बार टीम इंडिया में मौका मिला है। इनमें प्रिंस यादव, हर्ष दुबे, मानव सुथार और गुरनूर बराड़ शामिल हैं। हालांकि इन युवा खिलाड़ियों की एंट्री ने कई अनुभवी खिलाड़ियों के भविष्य पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
हर्ष दुबे बने अक्षर पटेल के लिए खतरा?
ऑलराउंडर हर्ष दुबे को टेस्ट और वनडे दोनों टीमों में शामिल किया गया है। खास बात यह है कि अक्षर पटेल को इस सीरीज से बाहर रखा गया है। हर्ष भी बाएं हाथ के स्पिनर हैं और निचले क्रम में उपयोगी बल्लेबाजी कर सकते हैं। BCCI उन्हें अक्षर के विकल्प के तौर पर आजमा रहा है। अगर हर्ष दुबे इस मौके को भुनाने में सफल रहते हैं, तो अक्षर पटेल की सीमित ओवरों की टीम में वापसी मुश्किल हो सकती है।
यह भी पढ़ें: MS Dhoni : सीजन में पहली बार नजर आए धोनी, CSK के साथ फोटोशूट कराया, फैंस के चेहरों पर दिखी खुशी
जडेजा की जगह लेने की तैयारी?
37 वर्षीय रवींद्र जडेजा को इस सीरीज में आराम दिया गया है। लेकिन युवा स्पिन ऑलराउंडर हर्ष दुबे और मानव सुथार को मौका देकर चयनकर्ताओं ने भविष्य की तैयारी के संकेत दे दिए हैं। मानव सुथार को सिर्फ टेस्ट टीम में जगह मिली है। अगर वह लंबा स्पेल डालने और विकेट निकालने में सफल रहते हैं, तो आने वाले समय में जडेजा के उत्तराधिकारी के तौर पर देखे जा सकते हैं।
सिराज की वनडे टीम में वापसी मुश्किल?
तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को आराम दिया गया है, जबकि मोहम्मद सिराज को सिर्फ टेस्ट टीम में जगह मिली है। वनडे स्क्वॉड में पंजाब के गुरनूर बराड़ और दिल्ली के प्रिंस यादव को मौका दिया गया है। दोनों गेंदबाज घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करके आए हैं। अगर ये खिलाड़ी पावरप्ले और डेथ ओवरों में असरदार साबित होते हैं, तो सिराज की वनडे टीम में वापसी बेहद मुश्किल हो सकती है।
यह भी पढ़ें: Team India Announced : टेस्ट और वनडे सीरीज के लिए टीम इंडिया की घोषणा, राहुल बने वाइस कैप्टन
क्या खत्म हो जाएगा शमी और भुवनेश्वर का करियर?
भारतीय टीम के तंज गेंदबाज मोहम्मद शमी लंबे समय से टीम से बाहर चल रहे हैं। ऐसे में नए गेंदबाज अगर लगातार अच्छा प्रदर्शन करते हैं, तो शमी के इंटरनेशनल करियर पर पूर्ण विराम लग सकता है। वहीं भुवनेश्वर कुमार IPL 2026 में शानदार फॉर्म में हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें वनडे टीम में मौका नहीं मिला। चयनकर्ताओं ने उनकी जगह युवा तेज गेंदबाजों पर भरोसा दिखाया है। इससे साफ संकेत मिल रहे हैं कि BCCI अब भविष्य की टीम तैयार करने में जुट गया है।
ऋषभ पंत के वनडे भविष्य पर भी सवाल
विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत को टेस्ट टीम में तो जगह मिली है, लेकिन वनडे टीम से बाहर रखा गया है। इतना ही नहीं, उनसे उपकप्तानी भी वापस ले ली गई है। इसे इस बात के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है कि शायद पंत 2027 वनडे वर्ल्ड कप की योजनाओं का हिस्सा नहीं हैं। ऐसे में उनकी वनडे वापसी को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
पंत की जगह राहुल होंगे उपकप्तान
अफगानिस्तान सीरीज के लिए घोषित भारतीय टेस्ट टीम में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत से उपकप्तानी वापस ले ली गई है। उनकी जगह अब अनुभवी बल्लेबाज केएल राहुल को टेस्ट टीम का नया उपकप्तान बनाया गया है।
पंत पिछले साल दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में टीम इंडिया के उपकप्तान थे। इतना ही नहीं, नियमित कप्तान शुभमन गिल की गैरमौजूदगी में उन्होंने टीम की कप्तानी भी संभाली थी। लेकिन अब चयनकर्ताओं ने नेतृत्व समूह में बदलाव करते हुए केएल राहुल पर भरोसा जताया है। उपकप्तानी हटने के बाद क्रिकेट गलियारों में ऋषभ पंत के भविष्य को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि उन्हें टेस्ट टीम में जगह मिली है, लेकिन वनडे टीम से बाहर रखा गया है। ऐसे में माना जा रहा है कि टीम मैनेजमेंट अब नए संयोजन पर काम कर रहा है।
देवदत्त पड्डिकल को मिला मौका
युवा बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल की टेस्ट टीम में वापसी हुई है। उन्हें नंबर-3 बल्लेबाज के तौर पर देखा जा रहा है। पडिक्कल अब तक भारत के लिए दो टेस्ट मैच खेल चुके हैं। उन्होंने आखिरी टेस्ट 2024 में पर्थ में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला था। टीम में साई सुदर्शन को भी शामिल किया गया है। घरेलू क्रिकेट और आईपीएल में शानदार प्रदर्शन के बाद उन्हें लगातार मौके मिल रहे हैं।
ईशान की वनडे टीम में वापसी
विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन की तीन साल बाद वनडे टीम में वापसी हुई है। उन्होंने अपना आखिरी वनडे मैच 11 अक्टूबर 2023 को अफगानिस्तान के खिलाफ दिल्ली में खेला था। ईशान का वनडे रिकॉर्ड शानदार रहा है। उन्होंने 27 वनडे मैचों में 42.40 की औसत से 933 रन बनाए हैं। उनके नाम एक दोहरा शतक भी दर्ज है, जो उन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ लगाया था।











