Bomb Threat :ग्रेटर नोएडा DM ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी, ई-मेल मिलते ही मचा हड़कंप

ग्रेटर नोएडा में जिला अधिकारी कार्यालय को ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही थाना सूरजपुर पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे डीएम कार्यालय परिसर की सुरक्षा बढ़ा दी गई।
धमकी के बाद बॉम्ब डिस्पोजल स्क्वॉड, डॉग स्क्वॉड, एंटी-सैबोटाज टीम और फायर ब्रिगेड की मदद से डीएम कार्यालय और आसपास के पूरे परिसर की कई चरणों में तलाशी ली गई। जांच के दौरान किसी भी तरह की संदिग्ध या विस्फोटक वस्तु नहीं मिली।
ई-मेल की तकनीकी जांच कर रही साइबर टीम
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि धमकी भरे ई-मेल को गंभीरता से लिया गया है। साइबर टीम ई-मेल की तकनीकी जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि यह संदेश किसने और कहां से भेजा।
जांच पूरी होने के बाद अधिकारियों ने बताया कि डीएम कार्यालय में किसी तरह का खतरा नहीं मिला है। कार्यालय में सामान्य कामकाज जारी है और कानून-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य बनी हुई है। सुरक्षा एजेंसियां एहतियात के तौर पर सतर्क हैं।
पुलिस की अपील- अफवाहों पर ध्यान न दें
गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि इस मामले को लेकर किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें। पुलिस ने कहा कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और घबराने की कोई जरूरत नहीं है। ई-मेल भेजने वाले की पहचान के लिए जांच जारी है और दोषी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।











