नागौद-सतना और चुरहट-रीवा रूट पर दौड़ी रेल, केंद्रीय रेल मंत्री व सीएम ने वर्चुअली हरी झंडी दिखाकर किया शुभारंभ

रीवा। विंध्य और बुंदेलखंड क्षेत्र के बहुप्रतीक्षित रेल नेटवर्क विस्तार को शनिवार को बड़ी गति मिली। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वर्चुअली हरी झंडी दिखाकर दो नई मेमू (MEMU) ट्रेनों की शुरुआत की। यह ट्रेनें नागौद-सतना और चुरहट-रीवा रूट पर संचालित होंगी। उद्घाटन के दिन यात्रियों को निःशुल्क सफर का अवसर मिला, जबकि इनका नियमित व्यावसायिक संचालन 26 अक्टूबर से शुरू होगा। यह सेवा रविवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन चलेगी। उद्घाटन अवसर पर क्षेत्रीय जनता में भारी उत्साह देखा गया। फुलवारी समेत विभिन्न स्टेशनों पर ट्रेन के स्वागत के लिए भारी भीड़ उमड़ी। नागौद स्टेशन से सफर के दौरान खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा डफली बजाकर जश्न मनाते दिखे, वहीं ट्रेन में सवार बच्चों ने गीत और नृत्य के साथ इस ऐतिहासिक पल का स्वागत किया। स्थानीय लोगों ने इसे दशकों पुराने सपने के सच होने जैसा बताया।
2028 तक सिंगरौली पहुंचेगी लाइन
सफर के दौरान उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने इसे केवल रेल पटरी नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के विकास के लिए 'इकोनॉमिक कॉरिडोर' करार दिया। उन्होंने आगामी कार्ययोजना साझा करते हुए बताया कि दिसंबर तक रेल सेवा को सीधी तक पहुंचाने का लक्ष्य है। इसके बाद सीधी-सिंगरौली खंड पर 16 सुरंगों का निर्माण कार्य पूरा कर दिसंबर 2028 तक रेल लाइन को सिंगरौली तक जोड़ दिया जाएगा। भविष्य में भोपाल से रीवा आने वाली प्रमुख ट्रेनों में से एक को सीधे सीधी तक विस्तारित करने की भी योजना है।
ये भी पढ़ें: रीवा: न्यूक्लियर प्लांट के विरोध के बीच आदिवासी महिला की मौत, जल सत्याग्रह कर थी महिला
किसी भी विसंगति की जांच कराई जाएगी
भू-अधिग्रहण और मुआवजे के मुद्दे पर डिप्टी सीएम ने कहा कि किसी भी विसंगति की जांच कराई जाएगी और असंतुष्ट ग्रामीण नियमानुसार ट्रिब्यूनल में अपना दावा प्रस्तुत कर सकते हैं। वर्चुअल संबोधन में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मध्य प्रदेश के रेल प्रोजेक्ट्स की प्रगति का खाका रखा। कार्यक्रम में सांसद जनार्दन मिश्रा, गणेश सिंह, डॉ. राजेश मिश्रा और राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी सहित कई जनप्रतिनिधि स्टेशनों पर उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें: रीवा में DIG के गनमैन के घर 40 लाख की चोरी, परिवार सोता रहा; पूड़ी-अचार खाकर चोरों ने तोड़े लॉकर




















