बंगाल की खाड़ी में बड़ा हादसा: मालवाहक जहाज डूबा, 24 क्रू सदस्य थे सवार

ओडिशा के पारादीप तट से करीब 240 समुद्री मील दूर बंगाल की खाड़ी में शनिवार को एक बड़ा समुद्री हादसा हो गया। MV Ocean Winner नाम का मालवाहक जहाज समुद्र में डूब गया। हादसे के समय जहाज पर कुल 24 क्रू सदस्य सवार थे। इनमें से दो लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि बाकी सदस्यों की तलाश अभी जारी है। हादसे की सूचना मिलते ही भारतीय तटरक्षक बल और भारतीय नौसेना सक्रिय हो गई। दोनों एजेंसियों ने समुद्र में रेस्क्यू और सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। आसपास से गुजर रहे दूसरे जहाजों को भी अलर्ट किया गया है, ताकि लापता क्रू सदस्यों को खोजने में मदद मिल सके।
चीन, म्यांमार और बांग्लादेश के नागरिक थे क्रू
रिपोर्ट के मुताबिक, जहाज पर सवार 24 क्रू सदस्यों में 20 चीन के नागरिक, 3 म्यांमार के नागरिक और 1 बांग्लादेश का नागरिक था। हादसे के बाद दो लोगों को बचा लिया गया है, लेकिन बाकी सदस्यों की स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है। रेस्क्यू टीम समुद्र के बड़े क्षेत्र में लगातार तलाशी अभियान चला रही है। खराब समुद्री परिस्थितियों के बीच लापता लोगों को ढूंढना चुनौतीपूर्ण माना जा रहा है।
मानसून फिर दिखाएगा अपना रौद्र रूप! इन राज्यों में भारी बारिश के साथ तूफानी हवाओं का अलर्ट
लौह अयस्क लेकर सिंगापुर जा रहा था जहाज
जानकारी के अनुसार, MV Ocean Winner ओडिशा से लौह अयस्क लेकर सिंगापुर की ओर जा रहा था। जहाज ने शुक्रवार को ओडिशा तट से अपनी यात्रा शुरू की थी। लेकिन यात्रा शुरू होने के कुछ समय बाद ही यह समुद्र में डूब गया। फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर जहाज इतनी जल्दी समुद्र में कैसे डूब गया। हादसे की वास्तविक वजह अभी सामने नहीं आई है। संबंधित एजेंसियां मामले की जांच के साथ-साथ बचाव अभियान पर भी पूरा ध्यान दे रही हैं।
भारतीय नौसेना और कोस्ट गार्ड ने संभाला मोर्चा
हादसे की जानकारी मिलने के बाद इंडियन कोस्ट गार्ड और इंडियन नेवी ने तुरंत राहत और बचाव अभियान शुरू किया। समुद्र में मौजूद संसाधनों का इस्तेमाल करते हुए लापता क्रू सदस्यों की तलाश की जा रही है। रेस्क्यू ऑपरेशन में आसपास मौजूद दूसरे जहाजों से भी सहयोग लिया जा रहा है। उन्हें हादसे वाले क्षेत्र के आसपास नजर रखने और किसी भी व्यक्ति के दिखाई देने पर तुरंत सूचना देने के लिए कहा गया है। समुद्र में किसी जहाज के डूबने के बाद शुरुआती कुछ घंटे बेहद महत्वपूर्ण माने जाते हैं। ऐसे में बचाव दल तेजी से काम कर रहा है, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों को सुरक्षित निकाला जा सके।
मानसून ने पकड़ी रफ्तार! दिल्ली से ओडिशा तक कई राज्यों में, भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी
बंगाल की खाड़ी में मौसम भी बना चुनौती
हादसे के दौरान बंगाल की खाड़ी का मौसम भी पूरी तरह सामान्य नहीं था। मौसम विभाग ने उत्तर बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना जताई थी। इसके कारण समुद्र में मौसम बदलने और तेज हवाओं के साथ ऊंची लहरें उठने की स्थिति बन सकती है। हालांकि, अभी तक यह पुष्टि नहीं हुई है कि खराब मौसम ही MV Ocean Winner के डूबने की वजह था। अधिकारियों की ओर से हादसे के कारण को लेकर अंतिम जानकारी सामने नहीं आई है।
जहाज डूबने की वजह का इंतजार
फिलहाल बचाव अभियान सबसे बड़ी प्राथमिकता है। इसके बाद हादसे की वजह का पता लगाने के लिए जांच की जाएगी। यह भी देखा जाएगा कि जहाज में किसी तरह की तकनीकी खराबी आई थी या फिर समुद्री परिस्थितियों का कोई असर पड़ा था। जहाज के डूबने की सही वजह सामने आने के बाद ही हादसे की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी। फिलहाल भारतीय एजेंसियां लापता क्रू सदस्यों को खोजने में जुटी हैं और रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है।




















