Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

जशपुर में खौफनाक साजिश :पैसों के विवाद में दोस्तों ने चाकू और लोहे की छड़ से मारा, फिर पहचान मिटाने को जला दिया शव, 3 आरोपी गिरफ्तार

जशपुर के बांकीटोली पुलिया के पास श्मशान घाट में एक अधजला शव मिलने के मामले में पुलिस ने खुलासा कर लिया है। मृतक के दोस्तों ने कमीशन के पैसे को लेकर हुए विवाद में उसकी हत्या कर दी थी। शव की पहचान छिपाने के लिए उसे गड्ढे में डालकर पेट्रोल से जला दिया था। पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पैसों के विवाद में दोस्तों ने चाकू और लोहे की छड़ से मारा, फिर पहचान मिटाने को जला दिया शव, 3 आरोपी गिरफ्तार
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में एक सनसनीखेज वारदात का खुलासा हुआ है, जहां दोस्तों ने मिलकर अपने ही मजदूर साथी की हत्या कर उसके शव को जलाने की कोशिश की। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के पुराना नगर तुरीटोंगरी इलाके का है। मृतक की पहचान सीमित खाखा (28), निवासी ग्राम सीटोंगा के रूप में हुई है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है।

    श्मशान घाट के पास अधजली लाश से उठा पर्दा

    दरअसल, 17 अक्टूबर की रात बांकीटोली पुलिया के पास श्मशान घाट में एक अधजला शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। शव का चेहरा और शरीर बुरी तरह जल चुका था। पुलिस ने जब जांच शुरू की, तो यह हत्या का मामला निकला। बाद में परिवार ने अधजले शव की पहचान सीमित खाखा के रूप में की।

    Uploaded media

    कमीशन के पैसों पर हुआ विवाद

    जांच में सामने आया कि मृतक सीमित अपने दोस्तों रामजीत राम (25), वीरेंद्र राम (24) और एक 17 वर्षीय नाबालिग के साथ झारखंड के हजारीबाग में मजदूरी करता था। वहां से लौटने के बाद कमीशन के पैसों को लेकर इन दोस्तों के बीच झगड़ा हो गया। 17 अक्टूबर की शाम सभी ने बांकीटोली पुलिया के पास बैठकर शराब पी और इसी दौरान विवाद इतना बढ़ा कि तीनों आरोपियों ने सीमित पर लोहे की छड़ और चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी।

    पहचान मिटाने के लिए शव जलाया

    हत्या के बाद आरोपियों ने मृतक का शव उठाकर करीब 400 मीटर दूर एक गड्ढे में फेंका और उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी, ताकि पहचान मिटाई जा सके। अगले दिन जब शव मिला तो वह अधजला था और आसपास पेट्रोल की गंध आ रही थी।

    तकनीकी जांच और पूछताछ में खुला राज

    पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने सीमित के दोस्तों से पूछताछ शुरू की। शुरू में उन्होंने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सख्त पूछताछ में उन्होंने अपराध कबूल कर लिया। उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू, लोहे की छड़ और कपड़े बरामद कर लिए गए हैं।

    तीन आरोपी गिरफ्तार

    पुलिस ने तीनों मुख्य आरोपियों रामजीत राम, वीरेंद्र राम और नाबालिग को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें से दो को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है, जबकि नाबालिग को बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है। 

    वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि जशपुर पुलिस ने यह केस अत्यंत प्रोफेशनल तरीके से सुलझाया। मामले में तकनीकी साक्ष्यों, कॉल डिटेल्स और मुखबिर तंत्र की मदद से हत्या के सभी तार जोड़े गए। 

    Mithilesh Yadav
    By Mithilesh Yadav

    वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

    Latest Posts