Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

Peoples Update Special :अंडमान के जंगलों में मिला दुर्लभ मसाला वूडी पेपर, भारत के मसालों में जुड़ा नया नाम

अंडमान द्वीप समूह में दुर्लभ मसाला वूडी पेपर मिला है। काली मिर्च जैसे स्वाद वाले वूडी पेपर में तीखापन के साथ औषधीय गुण भी पाए जाते हैं। यह भारत का एक नया मसाला है। 
Follow on Google News
अंडमान के जंगलों में मिला दुर्लभ मसाला वूडी पेपर, भारत के मसालों में जुड़ा नया नाम
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    वरुण कुमार चौहान, श्री विजयनगर, अंडमान। तमिलनाडु और केरल को भारत के प्रमुख मसाला उत्पादक राज्यों के लिए जाना जाता है, लेकिन अब इसमें नया नाम अंडमान द्वीप समूह भी जुड़ गया है। अंडमान के घने जंगलों में दुर्लभ और औषधीय मसाले की प्रजाति ‘वूडी पेपर’ प्राकृतिक रूप से पाई गई है। यह मसाला अब तक थाईलैंड और वियतनाम जैसे देशों तक सीमित माना जाता था। भारत में इसकी मौजूदगी पहली बार आधिकारिक रूप से दर्ज की गई है।

    स्थानीय लोग कहते हैं चोई झाल

     भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के केंद्रीय द्वीपीय कृषि अनुसंधान संस्थान (CIARI) के वैज्ञानिकों ने इस पौधे की पहचान डीएनए बारकोडिंग के माध्यम से की है। वैश्विक स्तर पर इसे पेपर पेंडुलिस्पिकम के नाम से जाना जाता है। अंडमान-निकोबार के स्थानीय लोग इसे ‘चोई झाल’ कहते हैं और कुछ गिने-चुने लोग पारंपरिक रूप से इसका उपयोग करते आए हैं।

    वैज्ञानिक शोध में सामने आए अहम तथ्य

    CIARI के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अजित अरुण वामन और डॉ. पूजा बोहरा द्वारा किए गए शोध में इस मसाले के असाधारण जैव-रासायनिक गुण सामने आए हैं। डॉ. वामन के अनुसार, वूडी पेपर में पाइपरिन नाम का रसायन मिला है। पाइपरिन वही तत्व है, जो काली मिर्च में तीखापन देता है और शरीर में दवाओं व पोषक तत्वों की अवशोषण क्षमता बढ़ाता है। शोध के अनुसार, ‘वैक्यूम ड्राइंग’ विधि से सुखाने पर इसके तने में 7.665 मिलीग्राम प्रति ग्राम तक पाइपरिन सुरक्षित रहता है।

    तने में होता है इसका स्वाद 

    18 जून 2024 को प्रकाशित शोध के अनुसार, अधिकांश मसालों में बीज या फल का उपयोग होता है, लेकिन वूडी पेपर की पहचान इसका तना है। वैज्ञानिकों के अनुसार, तने की मोटाई जितनी अधिक होती है, उसमें तीखापन और औषधीय गुण उतने ही ज्यादा होते हैं। 

    एंटी ऑक्सीडेंट है वूडी पेपर 

    फेनोलिक प्रोफाइलिंग में वूडी पेपर में 18 प्रकार के औषधीय यौगिक पाए गए हैं। इनमें फेरुलिक एसिड प्रमुख है, जो एक शक्तिशाली एंटी ऑक्सीडेंट माना जाता है। विशेषज्ञों का कहना है कि यह खोज भारत के तटीय इलाकों के लिए गेम चेंजर साबित हो सकती है और अंडमान के किसानों की आय बढ़ाने में भी अहम भूमिका निभा सकती है।

    किसानों को उपलब्ध कराया जा रही रोपण सामग्री

    डॉ. डॉ. अजित अरुण वामन के अनुसार, इसकी खेती बहुत कम होती थी, इसलिए हम द्वीप के किसानों को रोपण सामग्री उपलब्ध करा रहे हैं, ताकि उत्पादन बढ़ाया जा सके। भविष्य की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए हमने दो मूल्यवर्धित उत्पाद विकसित किए हैं। एक भीगा हुआ संरक्षित उत्पाद और दूसरा निर्जलित (सूखा) पाउडर। ताजे उत्पादों की तुलना में इन दोनों की सेल्फ लाइफ एक वर्ष है, जबकि ताजे उत्पादों की शेल्फ लाइफ 4 से 5 दिन होती है। 

    Naresh Bhagoria
    By Naresh Bhagoria

    नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...Read More

    Latest Posts