MP Excellence Award 2025 :सीएम ने महिलाओं को किया सम्मानित, बोले- Job Seeker नहीं, Creator बन रहीं हमारी बहनें

कार्यक्रम में विधायक रामेश्वर शर्मा, भगवानदास सबनानी, भाजपा शहर अध्यक्ष रविन्द्र यती और प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आयोजन महिलाओं की उपलब्धियों को पहचान देने और उन्हें प्रोत्साहित करने का जरिया है।
‘लाड़ली बहन योजना’ के तहत आर्थिक प्रोत्साहन की घोषणा
डॉ. मोहन यादव ने बताया कि लाड़ली बहनों को नवंबर से प्रति माह डेढ़ हजार रुपए मिलेंगे और यह राशि धीरे-धीरे बढ़ेगी। जो महिलाएं घर में लाड़ली बहना बनने के बजाय रोजगार के क्षेत्र में कदम रखेंगी, उन्हें रेडिमेड गारमेंट उद्योग सहित अन्य क्षेत्रों में योजनाओं का लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि महिलाओं को ताकत देना हमारी प्राचीन परंपरा और मातृसत्ता को पुनर्जीवित करने का तरीका है।

इतिहास और सांस्कृतिक गौरव का उदाहरण
कार्यक्रम के दौरान सीएम ने रियासत काल की शासिकाओं और स्वतंत्रता संग्राम की रानियों का उदाहरण देते हुए कहा-
- रानी दुर्गावती ने मुगलों से 52 युद्ध लड़े।
- गौंड रानी कमलापति ने क्षेत्रीय गौरव का एहसास कराया।
- झांसी की रानी लक्ष्मीबाई का साहस आज भी प्रेरणास्पद है।
उन्होंने केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की बहुओं रिद्धि और अमानत का स्वागत करते हुए उन्हें कार्यक्रम में शामिल होने पर सम्मानित किया।
महिलाओं की उद्यमिता और स्टार्टअप में बढ़ती भागीदारी
डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश के 47% से अधिक स्टार्टअप में महिलाएं सक्रिय भूमिका निभा रही हैं।
- महिलाएं अब जॉब सीकर नहीं, जॉब क्रिएटर बन रही हैं।
- इसीलिए रोजगारपरक उद्योगों में कार्यरत महिलाओं को 5 हजार रुपए प्रति माह प्रोत्साहन राशि दी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि लखपति बहना योजना के तहत एक लाख से अधिक महिलाओं को लाभ मिल चुका है। 5 लाख से अधिक स्वयं सहायता समूहों में 62 लाख महिलाएं कार्यरत हैं।
कांग्रेस शासन और वर्तमान सरकार की तुलना
सीएम ने कहा कि कांग्रेस शासन में महिलाओं के लिए दरवाजे नहीं खोले गए, जबकि वर्तमान सरकार में महिलाओं को हर स्तर पर सशक्त बनाने का प्रयास किया जा रहा है। अब महिलाएं स्थानीय निर्वाचन में 50% से बढ़कर विधानसभा और लोकसभा में 33% भागीदारी कर रही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की योजनाओं के कारण महिलाओं को निरंतर बढ़ावा मिल रहा है।
भविष्य में महिलाओं के लिए रोजगार और सम्मान
मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि महिलाओं का सम्मान और आर्थिक सशक्तिकरण सरकार की प्राथमिकता है। यदि महिलाओं को ताकत दी जाए तो वे समाज और संस्कृति दोनों में योगदान कर सकती हैं। उन्होंने कहा कि जिन महिलाओं ने रोजगार पाने का निर्णय लिया है, उनकी भी हर तरह से मदद की जाएगी।
विशेष उपलब्धियों वाली महिलाओं का सम्मान
सीएम ने समारोह में शामिल कई प्रतिभाशाली महिलाओं को अवॉर्ड प्रदान किए गए, जिनमें से कुछ राष्ट्रपति पुरस्कार विजेता और कुछ पैरा ओलंपिक में बड़ी उपलब्धियां हासिल करने वाली थीं। उन्होंने ने कहा कि भोपाल वुमेंस हब ने यह आयोजन कर प्रदेश की प्रतिभाशाली महिलाओं को पहचान दिलाई, जिससे महिलाओं का मनोबल और प्रेरणा दोनों बढ़ेगी।












