Publish Date: 28 Dec 2021, 9:21 AM (IST)Updated On: 28 Dec 2021, 9:35 AM (IST)Reading Time: 2 Minute Read
मध्यप्रदेश में आज सुबह से अचानक मौसम का मिजाज बदल गया है। भोपाल, राजगढ़, सीहोर, रायसेन, विदिशा, अशोकनगर में सुबह से रुक-रुककर बारिश हो रही है। बारिश के साथ-साथ ठंडी हवाएं भी चल रही हैं। मौसम वैज्ञानिक के मुताबिक 28 और 29 दिसंबर तक हल्की बारिश के साथ ओले गिर सकते हैं। वहीं 30 दिसंबर से प्रदेशभर में कोहरा छा सकता है। 31 दिसंबर और 1 जनवरी को ठंड बढ़ सकती है।
उत्तर में हो रही बर्फबारी
मौसम वैज्ञानिक के मुताबिक उत्तर में काफी बर्फबारी की वजह से प्रदेश के कई इलाकों में हल्की बारिश के साथ ओले गिर सकते हैं। प्रदेश के 14 जिलों में बारिश की संभावना है। आसमान खुलने के बाद न्यूनतम तापमान में भी गिरावट होगी। इसके बाद प्रदेश में ठंड और बढ़ेगी।
कहां-कहां बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार बादल सघन होने के साथ ग्वालियर-चंबल संभाग और नीमच, मंदसौर, आगर, शाजापुर, राजगढ़, विदिशा में हल्की बारिश हो सकती है। इसके साथ ही भोपाल, सागर, होशंगाबाद, जबलपुर, रीवा और शहडोल में 28-29 दिसंबर को हल्की बारिश की संभावना है। इन जगहों पर आसमान में बादल छाए रहेंगे। कहीं-कहीं ओले गिरने की भी संभावना है। इससे रबी फसलों को नुकसान होगा।
सोमवार को कितना रहा तापमान
सोमवार को राजधानी भोपाल में अधिकतम तापमान 25.7 डिग्री सेल्सियस रेकॉर्ड किया गया है। न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया है। प्रदेश में सबसे कम तापमान में पचमढ़ी में 7.2 डिग्री सेल्सियस रहा है। इसके बाद खजुराहो में 8 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा है।