PlayBreaking News

Civil Services Day Special:मप्र के पहले IAS शरद चंद्र बेहार ने सुनाए किस्से, चयन की खबर तक नहीं छपी; स्कूटी से जाते थे मंत्रालय

मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्य सचिव शरद चंद्र बेहार ने अपने प्रशासनिक जीवन के अनुभव साझा करते हुए बताया कि समय के साथ न सिर्फ सिस्टम बदला है बल्कि प्रशासनिक सेवाओं को देखने का नजरिया भी पूरी तरह बदल चुका है।
Follow on Google News
मप्र के पहले IAS शरद चंद्र बेहार ने सुनाए किस्से, चयन की खबर तक नहीं छपी; स्कूटी से जाते थे मंत्रालय

मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्य सचिव शरद चंद्र बेहार ने अपने प्रशासनिक जीवन के अनुभव साझा करते हुए बताया कि समय के साथ न सिर्फ सिस्टम बदला है बल्कि प्रशासनिक सेवाओं को देखने का नजरिया भी पूरी तरह बदल चुका है। उन्होंने बताया कि वर्ष 1961 में जब वे मध्यप्रदेश से भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) में चयनित हुए थे तब पूरे प्रदेश में कहीं भी इस उपलब्धि की खबर तक नहीं छपी थी। उस समय छत्तीसगढ़ भी मध्यप्रदेश का हिस्सा था लेकिन रायपुर, बिलासपुर, भोपाल या इंदौर जैसे प्रमुख शहरों के किसी भी अखबार में उनके चयन की एक लाइन भी प्रकाशित नहीं हुई। बेहार कहते हैं कि आज के दौर में छोटी-छोटी उपलब्धियों को भी बड़ी जगह मिलती है जबकि उस समय हालात बिल्कुल अलग थे। उन्होंने इसे बदलते समय और समाज की प्राथमिकताओं का संकेत बताया।

/img/116/1776704918547

बस और स्कूटी से तय होता था अफसर का सफर

पूर्व मुख्य सचिव ने अपने शुरुआती दिनों को याद करते हुए बताया कि भोपाल में पहली पोस्टिंग के दौरान वे 1250 अस्पताल क्षेत्र से प्राइवेट बस में बैठकर पुराने भोपाल स्थित कार्यालय पहुंचते थे। उस समय न तो सरकारी गाड़ियों की सुविधा थी और न ही विशेष व्यवस्थाएं। नया मंत्रालय बनने के बाद भी कई साल तक वे अपनी स्कूटी से ही ऑफिस जाया करते थे। उन्होंने बताया कि 1982 के बाद ही अधिकारियों को सरकारी वाहन मिलना शुरू हुआ। बेहार ने कहा कि उस दौर में IAS अधिकारी और आम नागरिक के बीच ज्यादा अंतर महसूस नहीं होता था। वे खुद कई बार बस में खड़े होकर सफर करते थे जो आज के समय में कल्पना करना भी मुश्किल है।

प्रशासनिक फैसलों से जुड़े दिलचस्प संयोग

अपने कार्यकाल के दौरान कई अहम जिम्मेदारियां निभाने का जिक्र करते हुए बेहार ने बताया कि 1965 में जब नया मंत्रालय शुरू हुआ तब उन्होंने ही विभागों के कक्ष और अधिकारियों के बैठने की व्यवस्था तय की थी। उस समय वे सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) में अंडर सेक्रेटरी थे। इसके अलावा पंचानन भवन के नामकरण का श्रेय भी उन्होंने खुद को दिया। उन्होंने बताया कि यह नाम भी उन्होंने ही सुझाया था। वहीं नए विधानसभा भवन के उद्घाटन के समय मुख्य सचिव के रूप में उन्हें कार्यक्रम शुरू कराने का अवसर मिला जिसे वे अपने जीवन का महत्वपूर्ण क्षण मानते हैं।

पहले नहीं था पॉलिटिकल प्रेशर, स्वतंत्र होते थे फैसले

बेहार ने साफ कहा कि उनके समय में प्रशासनिक कार्यों पर राजनीतिक दबाव नहीं होता था। उन्होंने एक घटना का जिक्र करते हुए बताया कि तत्कालीन मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह ने उनसे एक डिग्री कॉलेज के प्रिंसिपल को हटाने के लिए कहा था। लेकिन उन्होंने इस आदेश को मानने से इनकार कर दिया और स्पष्ट किया कि जिस व्यक्ति के नेतृत्व में कॉलेज बेहतर काम कर रहा है उसे केवल विरोध के कारण हटाना सही नहीं होगा। बेहार के अनुसार मुख्यमंत्री ने उनकी बात को स्वीकार किया और कुछ समय बाद जब माहौल शांत हुआ तब दोबारा निर्णय लिया गया।

ये भी पढ़ें: जबलपुर में 'आम' की खास सुरक्षा... दर्जन भर हथियारबंद सुरक्षा गार्ड, 20 शिकारी कुत्ते, 15 सीसीटीवी कैमरे

बदलते दौर पर टिप्पणी

पूर्व मुख्य सचिव का मानना है कि आज प्रशासनिक सेवाओं में सुविधाएं तो बढ़ी हैं लेकिन चुनौतियां और दबाव भी उसी अनुपात में बढ़े हैं। उनके अनुभव यह बताते हैं कि पहले के दौर में संसाधन सीमित थे लेकिन निर्णय लेने की स्वतंत्रता और ईमानदारी अधिक थी।

Sumit Shrivastava
By Sumit Shrivastava

मास कम्युनिकेशन में Ph.D और M.Phil पूर्ण की है तथा टीवी और डिजिटल मीडिया में काम करने का अनुभव रखते ...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts