Canara Bank:RBI ने लगाया ₹41.8 लाख का जुर्माना, KYC नियमों और अकाउंट हैंडलिंग में मिली बड़ी गड़बड़ियां

भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने सरकारी क्षेत्र के केनरा बैंक पर 41.8 लाख रुपए का जुर्माना लगाया है। यह कार्रवाई बैंक द्वारा नो योर कस्टमर (KYC) नियमों और अन्य जरूरी बैंकिंग गाइडलाइंस का पालन नहीं करने के कारण की गई है। RBI की जांच में पाया गया कि बैंक कई ग्राहकों के KYC रिकॉर्ड्स को तय समय सीमा के भीतर सेंट्रल केवाईसी रिकॉर्ड्स रजिस्ट्री (CKYCR) पर अपलोड करने में विफल रहा।
CKYCR पर समय पर अपलोड नहीं किए गए रिकॉर्ड
नियमों के अनुसार सभी बैंकों को नए और मौजूदा ग्राहकों का KYC डेटा तय समय के भीतर CKYCR पोर्टल पर अपडेट करना जरूरी होता है। इसका उद्देश्य बैंकिंग सिस्टम में पारदर्शिता बढ़ाना और फ्रॉड जैसी घटनाओं को रोकना है। हालांकि RBI की जांच में सामने आया कि केनरा बैंक ने कई मामलों में इस प्रक्रिया को समय पर पूरा नहीं किया।
एक्टिव खातों को भी घोषित कर दिया निष्क्रिय
RBI ने बैंक की दूसरी बड़ी चूक ग्राहक खातों की हैंडलिंग में पाई। केंद्रीय बैंक के नियमों के मुताबिक अगर किसी खाते में पिछले एक साल के भीतर ग्राहक की ओर से कोई ट्रांजैक्शन हुआ है तो उसे एक्टिव अकाउंट माना जाएगा। लेकिन जांच में पाया गया कि केनरा बैंक ने ऐसे कई खातों को भी इनऑपरेटिव यानी निष्क्रिय घोषित कर दिया था जिनमें आखिरी लेनदेन को अभी एक साल पूरा भी नहीं हुआ था।
ये भी पढ़ें: फिर बढ़ा भारत का विदेशी मुद्रा भंडार: 682 अरब डॉलर के पार पहुंचा फॉरेक्स रिजर्व, RBI ने बताया मजबूत स्थिति
मार्च 2025 के ऑडिट में सामने आईं कमियां
यह कार्रवाई RBI द्वारा किए गए सुपरवाइजरी इवैल्यूएशन (ISE 2025) के दौरान सामने आई कमियों के आधार पर की गई है। इसके तहत 31 मार्च 2025 तक बैंक की वित्तीय स्थिति और कार्यप्रणाली की समीक्षा की गई थी। जांच में अनियमितताएं मिलने के बाद RBI ने बैंक को कारण बताओ नोटिस जारी किया था। बैंक की ओर से दिए गए जवाब और मौखिक प्रस्तुतियों पर विचार करने के बाद केंद्रीय बैंक ने जुर्माना लगाने का फैसला लिया।
ये भी पढ़ें: प्रधानमंत्री आवास योजना ला रही बदलाव : कम EMI, आसान लोन से पूरा हो रहा EWS, LIG और MIG परिवारों का सपना
ग्राहकों की जमा राशि और बैंकिंग सेवाओं पर असर नहीं
RBI ने स्पष्ट किया है कि यह पेनल्टी केवल नियामकीय नियमों के पालन में हुई कमियों के कारण लगाई गई है। इसका बैंक और ग्राहकों के बीच हुए किसी भी ट्रांजैक्शन या एग्रीमेंट की वैधता पर कोई असर नहीं पड़ेगा। केंद्रीय बैंक ने यह भी कहा कि बैंक की सामान्य सेवाएं और ग्राहकों की जमा पूंजी पूरी तरह सुरक्षित हैं।












