भोपालमध्य प्रदेश

महंगाई, बेरोजगारी जैसे मुद्दों को लेकर 13 मार्च को राजभवन घेरेगी मप्र कांग्रेस, कमलनाथ समेत सभी बड़े नेता होंगे शामिल

भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस (MP Congress) 13 मार्च 2023 को प्रदेश में व्याप्त जनसमस्याओं के विराध में राजभवन का घेराव करेगी। इस दिन पार्टी वरिष्ठ नेताओं के साथ भोपाल में बड़ी रैली का आयोजन भी करेगी। इस घेराव में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और पूर्व सीएम कमलनाथ, पूर्व सांसद जेपी अग्रवाल कांग्रेस के पदाधिकारी, विधायक और कार्यकर्ता शामिल होंगे।

जवाहर चौके पर जुटेंगे पदाधिकारी

यह जानकारी प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष और संगठन प्रभारी राजीव सिंह व प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष केके. मिश्रा ने दी। उन्होंने बताया कि 13 मार्च की दोपहर 12 बजे बड़ी संख्या में प्रदेश भर के वरिष्ठ नेता, विधायक और कांग्रेस पदाधिकारी जवाहर चौक पर एकत्रित होंगे। यह सभी पैदल मार्च करते हुए राजभवन के घेराव के लिए निकलेंगे।

उठाएंगे महंगाई, बेरोजगारी और अपराध का मुद्दा

दोनों नेताओं ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा उद्योगपति गौतम अडाणी के पक्ष में अपनाई गई क्रोनी कैपिटलिज्म की नीति से आर्थिक संकट गहराया है। इससे गरीब और मध्यम वर्ग के करोड़ों भारतीयों की बचत जोखिम में तब्दील हो गई है। उन्होंने कहा कि देश में बेहताशा बढ़ती महंगाई, प्रदेश में व्याप्त बेरोजगारी, तनावग्रस्त किसान, अनुसूचित जाति-जनजाति, पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक वर्ग और महिलाओं पर हो रहे निरंतर अत्याचार, रेप, गैंगरेप और उनकी निर्मम हत्याओं, ध्वस्त कानून व्यवस्था, लूट, डकैती सहित भाजपा सरकार की गलत- नीतियों के कारण आमजन परेशान हैं। भाजपा और संघ विचारधारा संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर उनकी छवि धूमिल करने पर आमादा है। लिहाजा, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर उक्त घेराव – विशाल मार्च आयोजित किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें CM शिवराज ने पूछा- बेटियों की नि:शुल्क शिक्षा का वादा क्यों नहीं हुआ पूरा, कमलनाथ का पलटवार, कहा- सवाल पूछने तक में नकल कर रहे हैं

सभी जिलों से आएंगे कार्यकर्ता

प्रदेश कांग्रेस ने इस आयोजन में सभी जिला प्रभारियों, सह प्रभारियों और सभी जिला शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्षों से कहा गया है कि वे अपने-अपने जिलों के पदाधिकारियों के साथ प्रदर्शन में पहुंचें। इसमें ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों, मंडल और सेक्टर कांग्रेस अध्यक्षों, मोर्चा संगठनों, विभागों एवं प्रकोष्ठों, स्थानीय संस्थाओं के जनप्रतिनिधियों से भी भोपाल पहुंचने की अपील की गई है।

(आप भी अपने क्षेत्र से जुड़ी किसी खबर या घटना की जानकारी जिम्मेदारों तक पहुंचाना चाहते हैं तो 7049116209 पर वॉट्सऐप करें।)

संबंधित खबरें...

Back to top button