MP News:दतिया उपचुनाव में हार पर बीजेपी का मंथन, सीएम हाउस में हुई बैठक

भोपाल। बैठक में वरिष्ठ नेताओं ने दतिया उपचुनाव में हार के कारणों का बिंदुवार विश्लेषण किया। स्थानीय संगठन, जनप्रतिनिधियों की सक्रियता और चुनावी प्रबंधन जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने समीक्षा के लिए दो सदस्यीय समिति बनाई है। समिति अपनी रिपोर्ट प्रदेश नेतृत्व को सौंपेगी, जिसके आधार पर आगे की रणनीति तय होगी।
मुख्यमंत्री आवास पर हुई अहम बैठक
मुख्यमंत्री आवास पर हुई बैठक में उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, मंत्री प्रहलाद पटेल, कैलाश विजयवर्गीय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, उपचुनाव के सांसद प्रभारी भारत सिंह कुशवाहा, मंत्री राव उदय प्रताप सिंह, धर्मेंद्र लोधी, तुलसी सिलावट, दिलीप जायसवाल, राकेश शुक्ला, नरेंद्र शिवाजी पटेल और दतिया से भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। बैठक में चुनाव परिणामों की समीक्षा करते हुए हार के कारणों पर मंथन किया गया।
हार के कारणों पर हुआ मंथन
बैठक में दतिया उपचुनाव में पार्टी की हार के कारणों का बिंदुवार विश्लेषण किया गया। बताया जा रहा है कि स्थानीय संगठन की कार्यशैली, जनप्रतिनिधियों की सक्रियता और चुनावी प्रबंधन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा हुई। जिला संगठन की भूमिका के साथ चुनाव के दौरान हुए समन्वय की भी समीक्षा की गई।
जिला संगठन और पार्षदों की भूमिका पर भी उठे सवाल
बताया जा रहा है कि बैठक में दतिया भाजपा जिला अध्यक्ष के साथ नगर पालिका के 15 से 20 पार्षदों की भूमिका को लेकर भी चर्चा हुई। चुनाव के दौरान स्थानीय स्तर पर संगठनात्मक समन्वय और गतिविधियों की समीक्षा की गई। हालांकि बैठक में किसी भी नेता के खिलाफ तत्काल कार्रवाई का कोई निर्णय नहीं लिया गया। बताया जा रहा है कि समीक्षा के आधार पर एक प्रस्ताव तैयार कर पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को भेजा जाएगा, जिसके बाद अंतिम फैसला केंद्रीय और प्रदेश नेतृत्व करेगा।
दो सदस्यीय समिति सौंपेगी रिपोर्ट
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने दतिया विधानसभा उपचुनाव के परिणामों की विस्तृत समीक्षा के लिए दो सदस्यीय समिति गठित की है। समिति में प्रदेश महामंत्री गौरव रणदिवे और वरिष्ठ नेता अंबाराम कराड़ा को सदस्य बनाया गया है। यह समिति चुनाव से जुड़े जिम्मेदार पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ नेताओं से चर्चा कर हार के कारणों का विस्तृत विश्लेषण करेगी। इसके बाद समिति अपनी रिपोर्ट प्रदेश नेतृत्व को सौंपेगी, जिसके आधार पर संगठनात्मक बदलाव, जिम्मेदारियां और भविष्य की चुनावी रणनीति को लेकर आवश्यक निर्णय लिए जा सकते हैं।












