इंदौर के बाद भोपाल में स्वाइन फ्लू से पहली मौत, मरीजों का आंकड़ा बढ़कर 65 पहुंचा

इंदौर के बाद अब राजधानी भोपाल में भी स्वाइन फ्लू से पहली मौत हुई है। शनिवार को 80 वर्षीय बुजुर्ग राम सिंह ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इसके साथ ही शहर में इस साल एच1एन1 से मौत का पहला मामला सामने आया है। संक्रमण की रफ्तार भी लगातार बढ़ रही है। दो दिन पहले 57 मरीज थे, जो शनिवार को बढ़कर 65 हो गए। यानी 48 घंटे में 8 नए मरीज मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार ओल्ड मीनाल रेसीडेंसी निवासी बुजुर्ग को इन्फ्लूएंजा ए (एच1एन1) संक्रमण के कारण गंभीर रेस्पिरेटरी डिस्ट्रेस सिंड्रोम और एक्यूट रेस्पिरेटरी फेलियर हुआ था। उन्हें पहले से हृदय रोग, उच्च रक्तचाप और टाइप-2 डायबिटीज थी। भोपाल में अब तक 232 संदिग्ध सैंपलों की जांच हो चुकी है। इनमें सितंबर में ही 43 मरीज पॉजिटिव मिले हैं।
48 घंटे में 8 नए मरीज, सितंबर में 43 पॉजिटिव
एक जनवरी 2026 से अब तक भोपाल में स्वाइन फ्लू के 65 मरीज दर्ज किए गए हैं। इनमें सितंबर में संक्रमण की रफ्तार तेजी से बढ़ी है। इस महीने अब तक 43 मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। दो दिन पहले मरीजों की संख्या 57 थी, जो शनिवार को 65 पहुंच गई। हाल की जांच में भोपाल के सूरज नगर और नरसिंहपुर के गाडरवारा का एक-एक मरीज शामिल है। वहीं तीन मरीजों की हालत में सुधार होने के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। अब तक 232 संदिग्ध सैंपलों की जांच की जा चुकी है। बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने प्रमुख अस्पतालों में बेड और आवश्यक दवाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की है।
ये भी पढ़ें: 254 गांव, 1017 वर्ग किमी क्षेत्र और 15 मंजिल... ऐसा होगा 2047 का नया भोपाल
बुजुर्ग और पहले से बीमार मरीजों में ज्यादा खतरा
सीएमएचओ डॉ. मनीष शर्मा ने बताया कि स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग अलर्ट है। मौसमी बदलाव के कारण इन्फ्लूएंजा का प्रभाव बढ़ा है। सर्दी-खांसी, तेज बुखार या सांस लेने में तकलीफ जैसे लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। खासकर बुजुर्गों और पहले से हृदय रोग, डायबिटीज, उच्च रक्तचाप जैसी बीमारियों से पीड़ित मरीजों में संक्रमण गंभीर हो सकता है। ऐसे लक्षण सामने आने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराने की सलाह दी गई है। विभाग के अनुसार प्रमुख अस्पतालों में मरीजों के उपचार के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध रखे गए हैं। मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी और अस्पतालों की तैयारियों पर विशेष ध्यान देने की बात कही है।




















