Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

Amit Shah Bhopal Visit: अमित शाह ने गोपालकों को दिए 101 करोड़, 5 लखपति दीदियों का किया सम्मान

अमित शाह का यह भोपाल दौरा कई मायनों में खास है। एक ओर गौपालकों के लिए आयोजित सम्मेलन में उनकी भागीदारी है, वहीं दूसरी ओर नए आपराधिक कानूनों को लेकर जागरूकता बढ़ाने के लिए प्रदर्शनी भी लगाई गई है। गृह मंत्री के कार्यक्रम को लेकर दशहरा मैदान में तैयारियां की गई थीं।
Amit Shah Bhopal Visit: अमित शाह ने गोपालकों को दिए 101 करोड़, 5 लखपति दीदियों का किया सम्मान
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भोपाल दौरे पर पहुंचे, जहां उन्होंने भेल दशहरा मैदान में आयोजित गौपालक सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की

भोपाल के भेल दशहरा मैदान में गौपालक सम्मेलन में शामिल हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह। 5 गाड़ियों के काफिले के साथ पेट्रोल बचाने का संदेश दिया और नए आपराधिक कानूनों पर राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। सम्मेलन में हजारों गौपालक पहुंचे।

गोपालकों को 101 करोड़ की सौगात

मध्य प्रदेश में दुग्ध उत्पादन और पशुपालन को बढ़ावा देने के लिए आयोजित गोपालक सम्मेलन में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गोशालाओं के लिए 101 करोड़ रुपये की राशि प्रदान की। सम्मेलन में 11 जिलों के करीब 35 हजार गोपालक शामिल हुए। इस दौरान उज्जैन में निर्माणाधीन 255 करोड़ रुपये के डेयरी प्लांट का वर्चुअल भूमिपूजन भी किया गया। कार्यक्रम में दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में योगदान देने वाले हितग्राहियों को सम्मानित किया गया। इनमें भोपाल की लखपति गोपालक दीदी शशिबाई समेत पांच महिलाओं को सम्मान मिला। सम्मानित महिलाओं में शशिबाई, मनीषा मालवीय, ममताबाई मेवाड़ा, सुषमा बाई और आफरीन शामिल हैं।

इन महिलाओं को पशुपालन और दुग्ध उत्पादन के जरिए आर्थिक रूप से सशक्त बनने के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में सर्वाधिक दुग्ध उत्पादन करने वाले तीन हितग्राहियों को भी सम्मान दिया गया। इनमें प्रीतिबाई दांगी, संदीप धाकड़ और राजेश धाकड़ के नाम शामिल हैं। सम्मेलन के दौरान डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना के तहत दो हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र भी सौंपे गए। इनमें धीरज त्रिपाठी और रितु भार्गव शामिल हैं। कार्यक्रम में गोशालाओं को दी गई आर्थिक सहायता, डेयरी प्लांट के निर्माण और कामधेनु योजना के स्वीकृति पत्रों के जरिए पशुपालन क्षेत्र से जुड़े लोगों को सहायता देने से संबंधित घोषणाएं की गईं।

उज्जैन में बनने वाला 255 करोड़ रुपये का डेयरी प्लांट प्रदेश में दुग्ध प्रसंस्करण से जुड़ी परियोजनाओं में शामिल है। वहीं, लखपति गोपालक दीदियों का सम्मान ग्रामीण महिलाओं की पशुपालन आधारित आजीविका को कार्यक्रम में मिली प्रमुखता को दर्शाता है।

/img/99/1791015468906

भोपाल की शशिबाई समेत पांच लखपति गोपालक दीदियों और सर्वाधिक दुग्ध उत्पादन करने वाले हितग्राहियों को सम्मानित किया गया।

5 गाड़ियों के काफिले के साथ पहुंचे अमित शाह

भोपाल दौरे के दौरान अमित शाह ने पेट्रोल बचाने का संदेश देते हुए केवल 5 गाड़ियों के काफिले के साथ भेल दशहरा मैदान के लिए प्रस्थान किया। उनके इस कदम को ईंधन की बचत और संसाधनों के सीमित उपयोग के संदेश से जोड़कर देखा जा रहा है। आमतौर पर बड़े नेताओं के दौरे पर सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था के तहत काफिला रहता है। ऐसे में सीमित गाड़ियों के साथ रवाना होना कार्यक्रम का एक खास पहलू रहा।

भेल दशहरा मैदान में हजारों गौपालकों की मौजूदगी

मध्यप्रदेश के अलग-अलग जिलों से बड़ी संख्या में गौपालक सम्मेलन में शामिल होने पहुंचे हैं। कार्यक्रम में गौपालन, पशुपालन और इससे जुड़े विषयों पर चर्चा की जा रही है। गौपालक सम्मेलन को लेकर मैदान में व्यापक व्यवस्था की गई है। बड़ी संख्या में प्रतिभागियों की मौजूदगी के चलते आयोजन स्थल पर गतिविधियां तेज रहीं। सम्मेलन में गौपालकों से जुड़े मुद्दों और सरकार की योजनाओं को लेकर भी चर्चा होने की संभावना है। हालांकि, कार्यक्रम में घोषित होने वाली योजनाओं और सौगातों का पूरा विवरण आधिकारिक जानकारी के आधार पर ही स्पष्ट होगा।

/img/99/1791010847891

व्याबरा-राजगढ़ निवासी गौपालक किसानों ने भजन पर जमकर डांस किया

नए आपराधिक कानूनों की प्रदर्शनी का उद्घाटन

गौपालक सम्मेलन के साथ ही भेल दशहरा मैदान में नए आपराधिक कानूनों पर आधारित राज्य स्तरीय प्रदर्शनी भी आयोजित की गई है। अमित शाह ने इसका उद्घाटन किया। इस प्रदर्शनी का उद्देश्य नए कानूनों और न्याय व्यवस्था में हुए बदलावों की जानकारी लोगों तक पहुंचाना है। इसमें कानूनों से जुड़े विभिन्न पहलुओं को प्रदर्शित किया जा रहा है, ताकि आम लोग उनके बारे में समझ सकें। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी अमित शाह के साथ प्रदर्शनी का अवलोकन किया।

Garima Vishwakarma
By Garima Vishwakarma

गरिमा विश्वकर्मा | People’s Institute of Media Studies से B.Sc. Electronic Media की डिग्री | पत्रकार...Read More

Latest Posts