PlayBreaking News

Morena Murder Case :पत्नी और दो बेटों की कुल्हाड़ी से हत्या, फिर ट्रेन के सामने कूदकर पति ने दी जान; चरित्र शंका में उजड़ा पूरा परिवार

मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। पति ने पत्नी और दो मासूम बेटों की कुल्हाड़ी से हत्या करने के बाद ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। शुरुआती जांच में घरेलू विवाद और पत्नी के चरित्र पर शक हत्या की वजह माना जा रहा है। जानिए पूरा मामला।
Follow on Google News
पत्नी और दो बेटों की कुल्हाड़ी से हत्या, फिर ट्रेन के सामने कूदकर पति ने दी जान; चरित्र शंका में उजड़ा पूरा परिवार

मुरैना। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले से एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक व्यक्ति ने देर रात अपनी पत्नी और दो मासूम बेटों की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। इसके बाद वह गांव से कुछ दूरी पर स्थित रेलवे फाटक पहुंचा और ट्रेन के सामने कूदकर अपनी जान दे दी।
शनिवार सुबह जब घर का दरवाजा नहीं खुला तो पड़ोसियों को घटना की जानकारी हुई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शुरुआती जांच में घरेलू विवाद और पत्नी के चरित्र पर शक को वारदात की वजह माना जा रहा है।

रात में सो रहे परिवार पर किया हमला

यह घटना मुरैना जिले के माता बसैया थाना क्षेत्र के किशनपुर गांव की है। पुलिस के अनुसार, आरोपी बलराम सिंह कुशवाहा ने शुक्रवार देर रात पहले अपनी पत्नी रविता कुशवाहा पर कुल्हाड़ी से हमला किया। इसके बाद उसने अपने दोनों मासूम बेटों पर भी ताबड़तोड़ वार किए। हमले में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या करने के बाद बलराम घर से निकल गया और शिकारपुर रेलवे फाटक के पास ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली।

सुबह खुला वारदात का राज

शनिवार सुबह जब काफी देर तक घर का दरवाजा नहीं खुला तो पड़ोसियों को शक हुआ। घर का मुख्य गेट बाहर से बंद था। लोगों ने बाउंड्री के ऊपर से झांककर देखा तो आंगन में महिला और दोनों बच्चों के शव खून से लथपथ पड़े थे। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर थाना पुलिस, वरिष्ठ अधिकारी और एफएसएल टीम पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।

Morena Crime News

एक महीने से चल रहा था पति-पत्नी में विवाद

पुलिस जांच में सामने आया कि, बलराम बेंगलुरु में मार्बल घिसाई का काम करता था और करीब एक महीने पहले गांव लौटा था। बताया जा रहा है कि, कुछ समय पहले गांव में आयोजित भागवत कथा के दौरान उसकी पत्नी रविता ने मंच पर डांस किया था। कार्यक्रम में मौजूद किसी व्यक्ति ने उसका वीडियो बनाकर बलराम को भेज दिया। वीडियो देखने के बाद बलराम पत्नी पर शक करने लगा और दोनों के बीच लगातार विवाद होने लगा।

मायके चली गई थी पत्नी

परिवार और ग्रामीणों के अनुसार, विवाद बढ़ने पर रविता कुछ समय के लिए अपने मायके चली गई थी। पंचायत के बाद कुछ दिन पहले ही वह वापस ससुराल लौटी थी। हालांकि, घर लौटने के बाद भी दोनों के बीच तनाव खत्म नहीं हुआ। बताया जा रहा है कि बलराम पत्नी के बाजार जाने जैसी बातों को लेकर भी नाराज रहता था और उसे लेकर संदेह करता था।

वारदात से जुड़े अहम तथ्य

पुलिस जांच में सामने आए शुरुआती तथ्यों के अनुसार, घटनास्थल से खून से सनी कुल्हाड़ी बरामद हुई है। महिला ने खुद और बच्चों को बचाने की कोशिश की थी। उसका शव खटिया से काफी दूरी पर मिला, जिससे संघर्ष के संकेत मिले हैं। घटना के समय आरोपी की मां घर के बाहर सो रही थी। उन्हें रात में हुई वारदात की भनक तक नहीं लगी। सुबह दूधवाले और पड़ोसियों की नजर घर पर पड़ी, जिसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ।

Mp latest news

हर पहलू से जांच कर रही पुलिस

पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल शुरुआती जांच में घरेलू विवाद और पत्नी पर शक की बात सामने आई है। हालांकि, सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों को लेकर अंतिम निष्कर्ष सामने आएगा।

इलाके में पसरा मातम

एक ही परिवार के चार लोगों की मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है। इस दर्दनाक घटना के बाद गांव के लोग भी स्तब्ध हैं। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts