टीकमगढ़ में बुजुर्ग की पीट-पीटकर हत्या:पत्नी, बेटा और नाती घायल, शिकायत के बाद रंजिश की आशंका

टीकमगढ़। देर रात गांव के ही कुछ लोग लाठी-डंडों और हथियारों के साथ मृतक के घर पहुंचे और पूरे परिवार पर हमला कर दिया। पुलिस जमीन विवाद और 181 सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायत को हमले की मुख्य वजह मान रही है। मामले में एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम जुट गई है।
खेत के पास मिला बुजुर्ग का शव
बताया जा रहा है कि देर रात गांव के ही कुछ लोग लाठी-डंडों और हथियारों के साथ मृतक के घर पहुंचे और पूरे परिवार पर हमला कर दिया। मृतक की पहचान कंचनपुरा निवासी घनश्याम प्रजापति के रूप में हुई है। ग्रामीणों ने मोहनगढ़ थाना पुलिस को जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस ने पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ये भी पढ़ें: Education Centre: पन्ना में शिक्षा को नई पहचान, जेके सीमेंट ने शुरू किया अत्याधुनिक 'लाला कमलापत एजुकेशन सेंटर'
पत्नी, बहू और पोता घायल, इलाज जारी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गांव के ही कुछ लोगों पर देर रात बुजुर्ग के घर में घुसकर लाठी, कुल्हाड़ी और डंडों से हमला करने का आरोप है। हमले में घनश्याम प्रजापति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी, बहू और पोता घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां पत्नी और बहू का इलाज जारी है।
रंजिश के चलते हमले की आशंका
मोहनगढ़ थाना प्रभारी अंकित दुबे ने बताया कि गांव में जमीन विवाद को लेकर आपसी रंजिश के साथ ही मृतक घनश्याम प्रजापति ने 181 सीएम हेल्पलाइन पर गांव के एक झोलाछाप डॉक्टर और कुछ अन्य लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस इस शिकायत को ही हमले की मुख्य वजह मान रही है। पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।












