जिला अस्पताल के जच्चा खाने में बदइंतजामी हावी, गुना विधायक पन्नालाल शाक्य बोले- भगवान भरोसे चल रहा अस्पताल
- विधायक ने जताई नाराजगी, कलेक्टर को बुलाने की चेतावनी

गुना। जिला अस्पताल का जच्चा खाना पूरी तरह बदइंतजामी की भेंट चढ़ गया है। शनिवार रात को जब गुना विधायक पन्नालाल शाक्य निरीक्षण पर पहुंचे तो हालात देखकर नाराज हो गए। उन्होंने बताया कि अस्पताल में डॉक्टरों की गैरमौजूदगी और बुनियादी सुविधाओं के अभाव में प्रसूताएं परेशान हो रही हैं।
लापरवाही के लगाए गंभीर आरोप
विधायक ने कहा कि उन्होंने डॉक्टरों को फोन किया, लेकिन कोई भी मौजूद नहीं मिला। मरीज और उनके परिजन भगवान भरोसे हैं। अस्पताल में पीने के पानी की व्यवस्था नहीं है, बाथरूम की लाइटें बंद पड़ी हैं, जिससे महिलाओं को अस्पताल के बाहर ग्राउंड में जाना पड़ रहा है। उन्होंने रात्रि नर्सिंग स्टाफ और डॉक्टरों पर लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए। विधायक ने कहा कि स्टाफ पैसे लेकर काम कर रहा है और ड्यूटी में बदलाव की जरूरत है। उन्होंने सिविल सर्जन से ड्यूटी बदलने के निर्देश भी दिए।












