मौत से जंग के बीच खुला राज: ऑपरेशन के बाद होश में आया घायल, मजिस्ट्रेट के सामने उगले हमलावरों के नाम

ऑपरेशन के बाद होश में आया घायल, मजिस्ट्रेट के सामने उगले हमलावरों के नाम
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    इंदौर के विजयनगर थाना क्षेत्र में 4 अप्रैल 2026 की रात करीब 1 बजे अनिल नगर में फरियादी परमिंदर अपने घर के बाहर खड़ा था। तभी दोपहिया वाहनों पर सवार 4-5 बदमाश वहां पहुंचे और पुरानी रंजिश के चलते अचानक उस पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमलावरों ने पेट और पैर पर जानलेवा वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ा। उसे तत्काल अरबिंदो अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी रही।

    होश में आया पीड़ित, फिर खुला राज

    घटना के बाद पीड़ित लंबे समय तक बेहोश रहा, जिससे आरोपियों की पहचान नहीं हो सकी। लेकिन ऑपरेशन के बाद होश में आने पर उसने कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान देते हुए मुख्य आरोपी वंश उर्फ चीकू का नाम उजागर किया। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर ताबड़तोड़ कार्रवाई शुरू की।

     

    रैकी कर दिया वारदात को अंजाम

    जांच में सामने आया कि आरोपियों ने पहले से रैकी कर इस वारदात की पूरी साजिश रची थी। इस खौफनाक हमले में 18-20 साल के युवक और नाबालिग भी शामिल थे, जो संगठित तरीके से मौके पर पहुंचे और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।

    श्मशान में छिपे रहे आरोपी

    घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पूरी रात लसूड़िया क्षेत्र के श्मशान (मुक्तिधाम) में छिपे रहे, ताकि पुलिस की नजरों से बच सकें। अगले दिन वे बड़वाह भागने की फिराक में थे, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें धर दबोचा।

    भागते समय गिरे, टूटे हाथ-पैर

    पुलिस से बचने के प्रयास में आरोपी भागने लगे, लेकिन हड़बड़ी में सड़क किनारे गिर पड़े। इस दौरान मुख्य आरोपी वंश उर्फ चीकू के हाथ-पैर में गंभीर चोट आई, वहीं उसके साथी विजय सोनगरा का भी हाथ टूट गया। दोनों को एमवाय अस्पताल में भर्ती कर इलाज कराया गया, जहां जिस हाथ से चाकू चलाया था, उसी हाथ पर पट्टी बंधी नजर आई।

    /img/67/1775452318179

     

    पुलिस ने ऐसे कसा शिकंजा

    पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह, डीसीपी जोन-2 कुमार प्रतीक और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर विजयनगर थाना प्रभारी चंद्रकांत पटेल की टीम ने सक्रिय मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी वंश उर्फ चीकू (19) और विजय सोनगरा (18) को गिरफ्तार किया, जबकि दो नाबालिगों को अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है और उन्हें न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया जा रहा है।

    पुरानी रंजिश बनी खूनी खेल की वजह

    प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ है कि इस हमले के पीछे पुरानी दुश्मनी थी, जिसके चलते आरोपियों ने पूरी साजिश रचकर वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और मामले में अन्य संभावित आरोपियों की तलाश जारी है। 

     

     

     

    Hemant Nagle
    By Hemant Nagle

    हेमंत नागले | पिछले बीस वर्षों से अधिक समय से सक्रिय पत्रकारिता में हैं। वर्ष 2004 में मास्टर ऑफ जर्...Read More

    Latest Posts