मुख्यमंत्री की कुर्सी गई, लेकिन ममता ने खुद को ‘Former CM’ नहीं माना!X बायो ने बढ़ाई सियासी हलचल

पश्चिम बंगाल चुनाव में हार के बाद ममता बनर्जी ने अपने एक्स प्रोफाइल का बायो बदल दिया है। पहले उनके बायो में ‘पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री’ लिखा था, लेकिन अब उन्होंने खुद को ‘ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस की फाउंडर चेयरपर्सन’ और 15वीं, 16वीं और 17वीं विधानसभा के दौरान मुख्यमंत्री बताया है।

इस्तीफा देने से किया इनकार
चुनाव नतीजों के बाद भी ममता बनर्जी ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने से साफ इनकार कर दिया है। उनका कहना है कि चुनाव में बड़े पैमाने पर धांधली हुई है और भाजपा ने चुनाव ‘लूट लिया’। ममता बनर्जी का आरोप है कि मतगणना के दौरान गड़बड़ियां हुईं, जिसके खिलाफ उनकी पार्टी अब सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाएगी।
विधानसभा भंग होने के बाद भी अड़ीं ममता
7 मई को पश्चिम बंगाल विधानसभा को राज्यपाल टी. रवि द्वारा भंग कर दिया गया था। इसके बावजूद ममता बनर्जी अपने रुख पर कायम हैं। पार्टी नेताओं के मुताबिक, बैठक में ममता ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस इस जनादेश का राजनीतिक रूप से विरोध करेगी। उन्होंने कथित तौर पर कहा कि अगर वे राष्ट्रपति शासन लगाना चाहते हैं, तो लगा दें। अगर वे मुझे बर्खास्त करना चाहते हैं, तो कर दें। इसे एक काले दिन के रूप में दर्ज होने दीजिए।
ये भी पढ़ें: 'मुझे बर्खास्त कर दो, इस्तीफा नहीं दूंगी...', ममता बनर्जी जिद पर अड़ीं, विधायकों को काले कपड़े पहनने को कहा
सुप्रीम कोर्ट जाने की तैयारी
तृणमूल कांग्रेस अब चुनावी नतीजों और मतगणना प्रक्रिया को लेकर कानूनी लड़ाई की तैयारी कर रही है। पार्टी का कहना है कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया के साथ खिलवाड़ हुआ है और इसकी जांच होनी चाहिए।
बंगाल चुनाव के नतीजों के बाद राज्य की राजनीति पूरी तरह गरमा गई है। एक तरफ भाजपा सरकार गठन की तैयारी में जुटी है, वहीं दूसरी ओर तृणमूल कांग्रेस चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठा रही है।











