हरदा में दर्दनाक हादसा :बुखार की दवा समझकर चूहामार दवा खा गया 10 साल का मासूम, इलाज के दौरान तोड़ा दम

हरदा। मध्य प्रदेश के हरदा जिले से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। सिराली थाना क्षेत्र के ग्राम कोथमी में 10 वर्षीय एक बालक ने गलती से बुखार की दवा समझकर चूहामार दवा खा ली। जहरीला पदार्थ खाने के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। अस्पताल में इलाज के दौरान मासूम की मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बुखार था, गलती से खा ली चूहामार दवा
पुलिस के अनुसार, ग्राम कोथमी निवासी अनारसिंह कलम के 10 वर्षीय बेटे विकास कलम को पिछले दो दिनों से बुखार था। गुरुवार सुबह उसने घर में रखी चूहामार दवा को बुखार की दवा समझकर खा लिया। कुछ ही देर बाद उसे लगातार उल्टियां होने लगीं और उसकी हालत तेजी से बिगड़ने लगी।
पहले सिराली, फिर हरदा जिला अस्पताल किया गया रेफर
बच्चे की तबीयत खराब होने पर परिजन उसे सिराली अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हरदा जिला अस्पताल रेफर कर दिया। यहां डॉक्टरों ने उसे बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन शुक्रवार शाम करीब 4 बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
खेत में थे माता-पिता, बेटी ने दी जानकारी
मृतक की मां ने बताया कि घटना के समय वह और उनके पति खेत में मक्का लगाने गए थे। इसी दौरान बड़ी बेटी दुर्गा खेत पर पहुंची और बताया कि विकास की तबीयत अचानक खराब हो गई है। जब परिजन घर पहुंचे और बच्चे से पूछा, तो उसने बताया कि उसने गलती से चूहामार दवा खा ली थी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा मौत के कारण का खुलासा
डॉक्टरों का कहना है कि मौत का सटीक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
अनारसिंह के परिवार में तीन बेटे और तीन बेटियां हैं। विकास छह भाई-बहनों में चौथे नंबर का था। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
(Edited By - Shivani Gupta)












