गुना में भाजपा कार्यक्रम में विवाद: मंडल अध्यक्ष को मंच पर जगह नहीं मिली तो भड़कीं प्रियंका मीणा, जिलाध्यक्ष-जिपं अध्यक्ष नीचे बैठे

गुना। मध्य प्रदेश के गुना जिले में भाजपा के एक कार्यक्रम के दौरान मंच पर बैठने को लेकर विवाद सामने आया। चांचौड़ा विधायक प्रियंका मीणा पैंची अपने समर्थक बीनागंज मंडल अध्यक्ष रामसेवक मीणा को मंच पर जगह नहीं मिलने से नाराज हो गईं। इस दौरान मंच पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रबल प्रताप सिंह उर्फ निक्की से उनकी तीखी कहासुनी हो गई।
घटना के बाद भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह सिकरवार और जिला पंचायत अध्यक्ष अरविंद धाकड़ मंच से नीचे उतरकर जमीन पर बैठ गए। हालांकि, जिलाध्यक्ष ने बाद में विवाद की बात से इनकार करते हुए कहा कि मंच पर जगह सीमित थी और वे यात्रियों के साथ बैठने के लिए नीचे आए थे।
बीनागंज में सेवा संकल्प अभियान का कार्यक्रम
यह मामला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा एवं जनकल्याण के 25 वर्षों के कार्यकाल को समर्पित सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम का है। वाराणसी से वडनगर जल, जन और सेवा संकल्प यात्रा चांचौड़ा विधानसभा के बीनागंज पहुंची थी। नगर भ्रमण और खेल गतिविधियों के विजेताओं को पुरस्कृत करने के बाद स्थानीय बीनागंज स्कूल के कबड्डी मैदान में मुख्य संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया।
मंडल अध्यक्ष को मंच पर जगह नहीं मिलने से नाराज हुईं विधायक
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों के मंच पर बैठने का सिलसिला शुरू हुआ। इसी दौरान विधायक प्रियंका मीणा ने बीनागंज मंडल अध्यक्ष रामसेवक मीणा को भी मंच पर बैठाने की बात कही। मंच पर जगह नहीं होने के कारण उन्हें वहां स्थान नहीं मिल सका। इसके बाद विधायक की भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रबल प्रताप सिंह उर्फ निक्की से मंच पर ही बहस हो गई। दोनों के बीच कुछ देर तक तीखी बातचीत हुई।
जिलाध्यक्ष और जिला पंचायत अध्यक्ष मंच से नीचे आए
मंच पर भाजपा नेताओं के बीच हुई कहासुनी के बाद जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह सिकरवार और जिला पंचायत अध्यक्ष अरविंद धाकड़ भी मंच से नीचे उतर आए। दोनों जमीन पर बैठ गए। मामले को लेकर जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र सिकरवार ने कहा कि मंच पर जगह सीमित थी और उन्हें यात्रियों के साथ बैठना था, इसलिए वे नीचे चले गए। उन्होंने संगठन में किसी तरह की गुटबाजी से इनकार किया।
पहले भी मंच पर नाराजगी जता चुकी हैं विधायक
चांचौड़ा विधायक प्रियंका मीणा का मंच पर नाराजगी जताने का यह पहला मामला नहीं बताया जा रहा है। इससे पहले मानस भवन में आयोजित संत रविदास समरसता कार्यक्रम के दौरान भी कुर्सी को लेकर उन्होंने नाराजगी जताई थी।
इसके अलावा एक कृषि कार्यक्रम में महिलाओं को लेकर दिए गए बयान पर उनकी गुना के वरिष्ठ भाजपा विधायक पन्नालाल शाक्य से मंच पर तीखी बहस की बात भी सामने आई थी। बीनागंज के कबड्डी मैदान में हुई ताजा घटना के बाद भाजपा के स्थानीय नेताओं के बीच मतभेद और संगठनात्मक समन्वय को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। हालांकि, पार्टी के जिलाध्यक्ष ने संगठन में एकजुटता होने की बात कही है।
विधायक प्रियंका मीणा ने क्या कहा?
विधायक प्रियंका मीणा ने कहा कि विवाद जैसी कोई बात नहीं है। उन्होंने कहा कि वह केवल मंडल अध्यक्ष को मंच पर बैठाने की बात कर रही थीं। विवाद जैसी कोई बात नहीं है। मैंने तो सिर्फ मंडल अध्यक्ष को मंच पर बिठाने की बात कही थी।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने क्या कहा?
भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र सिकरवार ने कहा कि बैठने को लेकर बातचीत हुई थी। उन्होंने संगठन में किसी तरह की गुटबाजी से इनकार किया। कुछ बैठने को लेकर बातचीत हो गई थी। सभी लोग यात्रियों के साथ बैठेंगे, तो हम लोग नीचे चले गए थे। संगठन में एकजुटता है।




















