Karthikeya-Amanat Wedding : शिवराज सिंह चौहान ने बेटे-बहू को दिलवाया आठवां वचन, कहा- अपने जन्मदिन-मैरिज एनिवर्सरी, जब नन्हे-मुन्ने बच्चे आएंगे तो उनके जन्मदिन पर पेड़ जरूर लगाना

जोधपुर। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के बड़े बेटे कार्तिकेय और उद्योगपति अनुपम बंसल की बेटी अमानत का विवाह जोधपुर के ऐतिहासिक उम्मेद भवन पैलेस में संपन्न हुआ। यह भव्य विवाह समारोह 6 मार्च को बारादरी लॉन में गोधूलि बेला में हुआ, जिसमें देशभर की जानी-मानी हस्तियों ने शिरकत की। विवाह के बाद शिवराज सिंह चौहान सपरिवार अपनी बहू अमानत को लेकर दिल्ली लौट आए।
राजस्थान की शाही विरासत में बंधे परिणय सूत्र
जोधपुर का उम्मेद भवन पैलेस अपनी भव्यता और ऐतिहासिक महत्व के लिए प्रसिद्ध है और इसी ऐतिहासिक धरोहर में कार्तिकेय और अमानत के विवाह की भव्य रस्में पूरी हुईं। विवाह समारोह में परिवार के करीबी लोगों के अलावा राजनीतिक और उद्योग जगत की कई प्रतिष्ठित हस्तियां भी मौजूद रहीं। समारोह के दौरान शाही परंपराओं और राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिली।शिवराज सिंह चौहान का भावुक संबोधन
शादी के दौरान शिवराज सिंह चौहान और उनकी पत्नी साधना सिंह ने अपनी बहू को बार-बार बेटी कहकर संबोधित किया। साधना सिंह ने कहा, "हम बहुत प्यारी बिटिया को अपने परिवार में जोड़ रहे हैं।" वहीं, शिवराज सिंह चौहान ने बेटियों के महत्व पर जोर देते हुए कहा, "बेटी ईश्वर की अनमोल देन है। वही दुर्गा, वही लक्ष्मी, वही सरस्वती है। बेटी के बिना दुनिया नहीं चल सकती। बेटी नहीं बचाओगे तो कल कहां से लाओगे।"
प्रकृति की सेवा का आठवां वचन
शादी के दौरान जब कार्तिकेय और अमानत सात फेरे ले रहे थे, तब शिवराज सिंह चौहान ने उनसे एक विशेष संकल्प भी करवाया। उन्होंने वर-वधू को आठवां वचन दिलाया, जिसमें उन्हें पर्यावरण संरक्षण का प्रण दिलाया गया। उन्होंने कहा, "हमें दोनों परिवारों का मान-सम्मान निभाते हुए औरों के लिए भी जीना है। उसका एक साकार स्वरूप पर्यावरण संरक्षण है। आने वाली पीढ़ियों के लिए धरती को सुरक्षित रखना जरूरी है। इसलिए हमें अपने जन्मदिन, शादी की सालगिरह, पूर्वजों की स्मृति में और जब नन्हे-मुन्ने बच्चे आएं तो उनके जन्मदिन पर भी पेड़ जरूर लगाना चाहिए।"मेहंदी और संगीत सेरेमनी
शादी से पहले बुधवार को मेहंदी और संगीत सेरेमनी का आयोजन हुआ। इस मौके पर शिवराज सिंह चौहान का जन्मदिन भी मनाया गया। इस दौरान बेटे और बहू ने रामचरितमानस की प्रति भेंट कर उन्हें भावुक कर दिया। शिवराज ने बेटे-बहू को आशीर्वाद देते हुए कहा – “जीना उसका जीना है, जो औरों के लिए जिए। आप दोनों एक उद्देश्यपूर्ण और अर्थपूर्ण जीवन जिएं।”डांस और जश्न का माहौल
- संगीत सेरेमनी में शिवराज सिंह चौहान अपनी पत्नी साधना सिंह के साथ “चांद सा रोशन चेहरा” गाने पर थिरके।
- साधना सिंह ने अपनी बहुओं के साथ “मेरे घर आई एक नन्ही परी” पर डांस किया।
- दूल्हा-दुल्हन ने भी कपल डांस किया, जिसे परिवार और मेहमानों ने खूब सराहा।
- साधना सिंह ने बताया कि उन्होंने केवल एक घंटे में डांस की तैयारी की थी। जब शिवराज ने उनसे पूछा कि “मुझे क्या करना है?” तो सभी हंसने लगे। देखें वीडियो…












