भूतनाल झील में तैरते मिले 6 शव, एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत से मचा हड़कंप

कर्नाटक के विजयपुरा में भूतनाल झील से एक ही परिवार के छह लोगों के शव मिलने से सनसनी फैल गई। बुधवार सुबह झील में शव तैरते दिखाई दिए, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सभी शवों को बाहर निकाला। शुरुआती जानकारी में झील से चार महिलाओं और दो बच्चों के शव मिलने की बात सामने आई थी। बाद में मृतकों की पहचान शौभा जालगेरी (45), उनकी बेटियों विद्य (16) और सुवर्णा (14) तथा बच्चों गौडेश (10), विकास (5) और सानिका (7) के रूप में बताई गई। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ये सभी विजयपुरा तालुका के तोरवी गांव के रहने वाले थे। बताया जा रहा है कि परिवार के कुछ सदस्य 24 अगस्त से लापता थे और इस संबंध में गुमशुदगी की शिकायत भी दर्ज कराई गई थी। इसके बाद बुधवार सुबह भूतनाल झील में उनके शव बरामद हुए। पुलिस इस मामले में कई एंगल से जांच कर रही है। शुरुआती स्तर पर आत्महत्या की आशंका भी जताई गई है। एक रिपोर्ट के मुताबिक, शौभा का 23 अगस्त को अपने पति के साथ विवाद हुआ था और इसके बाद उनके घर से निकलने की बात सामने आई थी। हालांकि, इस घटनाक्रम की पूरी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही होगी। मौके पर विजयपुरा के एसपी लक्ष्मण निंबार्गी, डीवाईएसपी नागराज और आदर्श नगर पुलिस थाने की टीम पहुंची। अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों ने झील से शव बाहर निकाले। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि मौत की सही वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि छह लोगों की मौत झील में डूबने, आत्महत्या या किसी अन्य वजह से हुई। मामले में आगे की जानकारी जांच पूरी होने के बाद सामने आएगी।





















