Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

पार्टी से रोकता था ससुर, बहू ने दे दी हत्या की सुपारी! 26 बार चाकू से वार, कानपुर में ऐसे हुआ करोड़पति कारोबारी का कत्ल

कानपुर में 63 वर्षीय दवा कारोबारी विनीत मिनोचा की हत्या के मामले में पुलिस ने उनकी बहू शालू को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि शालू ने ससुर की हत्या के लिए पुराने नौकर को 6 लाख रुपये की सुपारी दी थी। CCTV और पूछताछ के बाद मामले का खुलासा हुआ। पुलिस अब बेटे की भूमिका की भी जांच कर रही है।
पार्टी से रोकता था ससुर, बहू ने दे दी हत्या की सुपारी! 26 बार चाकू से वार, कानपुर में ऐसे हुआ करोड़पति कारोबारी का कत्ल
कानपुर के पॉश इलाके में करोड़पति दवा कारोबारी की हत्या

कानपुर के पॉश इलाके में एक करोड़पति दवा कारोबारी की हत्या के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, 63 वर्षीय दवा कारोबारी विनीत मिनोचा की हत्या किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि उनकी 36 वर्षीय बहू शालू ने कराई थी। पुलिस के अनुसार, ससुर की कई पाबंदियों से परेशान होकर शालू ने हत्या की साजिश रची और अपने पुराने नौकर को सुपारी दी।

शरीर पर चाकू से किए 26 वार

कल्याणपुर के रतन आर्बिट अपार्टमेंट में शनिवार रात विनीत मिनोचा की हत्या कर दी गई थी। उनके शरीर पर चाकू से 26 वार किए गए थे। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने अपार्टमेंट के CCTV फुटेज खंगाले। इससे 12 साल पुराने पूर्व नौकर विशाल और उसके साथी राजकिशोर पर शक गया। पुलिस ने रविवार देर रात मुठभेड़ के बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में विशाल ने कथित तौर पर बताया कि हत्या शालू के कहने पर की गई थी। इसके बाद पुलिस ने शालू को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

‘ससुर खर्चों पर रखते थे नजर’

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में शालू ने बताया कि घर में लगे CCTV कैमरों के जरिए उसके ससुर उस पर नजर रखते थे। वह उसके देर रात बाहर जाने और पार्टियों में जाने को लेकर भी आपत्ति जताते थे। शालू का आरोप था कि उसके और उसके पति के खर्चों पर भी ससुर का नियंत्रण था। उसे छोटे-छोटे खर्चों के लिए भी पैसे मांगने पड़ते थे। पुलिस के अनुसार, 28 जुलाई को शालू देर रात पार्टी से घर लौटी थी। इस बात को लेकर उसकी ससुर से बहस हुई थी। इसके बाद उसने कथित तौर पर ससुर की हत्या की योजना बनाई।

6 लाख रुपये की सुपारी देने का आरोप

पुलिस के मुताबिक, शालू ने अपने पुराने नौकर विशाल को विनीत की हत्या के लिए 6 लाख रुपये देने का वादा किया था। हत्या की तैयारी पहले से की जा रही थी। आरोप है कि शालू ने करीब 15 दिन पहले घर की डुप्लीकेट चाबी बनवाकर विशाल को दे दी थी। 4 सितंबर को उसने विशाल को सामान देने के बहाने बुलाया और हत्या की योजना पर बात की।

Breaking News

पहले तकिए से हत्या का था प्लान

पुलिस के अनुसार, शुरुआत में विनीत की हत्या तकिए से मुंह दबाकर करने की योजना थी, ताकि मौत हार्ट अटैक जैसी लगे। शनिवार रात शालू अपने पति सुब्रत और बच्चे के साथ यशोदा नगर में एक पार्टी के लिए घर से निकली। इसके कुछ देर बाद विशाल अपने साथी राजकिशोर के साथ अपार्टमेंट पहुंचा। सिक्योरिटी गार्ड मदन ने दोनों को रोक लिया। इसके बाद विशाल ने शालू से फोन पर बात कराई। पुलिस के मुताबिक, शालू ने गार्ड से कहा कि दोनों दवाएं लेकर आए हैं और उन्हें अंदर जाने दिया जाए।

बेडरूम में छिपकर किया हमला

पुलिस के मुताबिक, विशाल और राजकिशोर घर के अंदर पहुंचकर बेटे के बेडरूम में छिप गए। कुछ देर बाद विनीत वहां पहुंचे तो दोनों ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। आरोप है कि दोनों ने विनीत पर चाकू से 26 वार किए और मौके से फरार हो गए। रात करीब 3 बजे शालू अपने पति और बच्चे के साथ पार्टी से वापस लौटी। इसके बाद बेडरूम में विनीत का शव देखकर पुलिस को सूचना दी गई।

लूट नहीं, हत्या की साजिश पर पुलिस को हुआ शक

डीसीपी कासिम आबिदी के मुताबिक, हत्यारों ने घर से कोई कीमती सामान नहीं चुराया था। इससे पुलिस को शुरुआत में ही शक हुआ कि मामला लूट का नहीं, बल्कि आपसी रंजिश से जुड़ा हो सकता है। जांच आगे बढ़ने पर पुलिस को शालू की कथित भूमिका का पता चला।

पुलिस खंगाल रही बेटे की कॉल डिटेल

पुलिस के मुताबिक, सुपारी की रकम में से 2 लाख रुपये 6 सितंबर को दिए जाने थे, जबकि बाकी 4 लाख रुपये 15 दिन बाद देने की बात थी। शालू ने विशाल को दोबारा नौकरी पर रखने का लालच भी दिया था। फिलहाल, शालू पुलिस की हिरासत में है। पुलिस अब उसके पति सुब्रत, जो मृतक विनीत मिनोचा के बेटे हैं, की कॉल डिटेल खंगाल रही है। जांच की जा रही है कि क्या सुब्रत को इस साजिश की जानकारी थी या नहीं।

Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...Read More

Latest Posts