Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

जबलपुर में युवक की चाकू मारकर हत्या :एम्बुलेंस में देरी का आरोप, परिवार बोला- समय पर मदद मिलती तो बच जाती जान

जबलपुर के बरगी थाना क्षेत्र के सालीवाड़ा गांव में 30 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। परिजनों ने 108 और 112 सेवा समय पर नहीं पहुंचने का आरोप लगाया है। घायल को निजी वाहन से अस्पताल ले जाया गया, लेकिन मेडिकल कॉलेज पहुंचने से पहले उसकी मौत हो गई। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
एम्बुलेंस में देरी का आरोप, परिवार बोला- समय पर मदद मिलती तो बच जाती जान
जबलपुर में युवक की चाकू मारकर हत्या

जबलपुर जिले के बरगी थाना क्षेत्र के सालीवाड़ा गांव में बुधवार देर रात एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घायल युवक को पहले बरगी अस्पताल और फिर मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि 108 एम्बुलेंस और 112 डायल पर सूचना देने के बावजूद समय पर मदद नहीं मिली। उनका कहना है कि अगर एम्बुलेंस समय पर पहुंच जाती तो युवक की जान बच सकती थी।

घर के बाहर बैठे युवक पर चाकू से हमला

पुलिस के अनुसार, सालीवाड़ा गांव के रहने वाले 30 वर्षीय नमामि पटेल वेल्डिंग का काम करते थे। बुधवार रात खाना खाने के बाद वह अपने घर के बाहर चबूतरे पर बैठे थे। इसी दौरान गांव के ही घनश्याम केवट से किसी बात पर विवाद हो गया। आरोप है कि घनश्याम ने चाकू से कई वार कर नमामि को गंभीर रूप से घायल कर दिया।

108 और 112 पर कॉल की, लेकिन मदद नहीं पहुंची

मृतक के बड़े भाई वैद्यनाथ यादव ने बताया कि घटना के तुरंत बाद उन्होंने 108 एम्बुलेंस और 112 डायल सेवा पर फोन किया। काफी देर तक इंतजार करने के बावजूद कोई वाहन नहीं पहुंचा। इसके बाद परिजन घायल को निजी वाहन से बरगी के शासकीय अस्पताल लेकर गए।

अस्पताल की एम्बुलेंस भी नहीं मिली

परिजनों का आरोप है कि बरगी अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने नमामि को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। लेकिन अस्पताल की एम्बुलेंस खराब होने के कारण उपलब्ध नहीं थी। मजबूरी में उन्हें फिर निजी वाहन से मेडिकल कॉलेज ले जाना पड़ा। रास्ते में ही नमामि ने दम तोड़ दिया।

Breaking News

डॉक्टरों ने समय पर इलाज की बात कही

परिजनों का दावा है कि डॉक्टरों ने बताया कि यदि घायल को करीब आधा घंटा पहले अस्पताल पहुंचा दिया जाता, तो उसकी जान बचाई जा सकती थी। हालांकि, इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

एक साल पहले हुई थी शादी

परिवार के अनुसार, नमामि की शादी करीब एक साल पहले हुई थी। उनका कहना है कि गांव में किसी से उसकी कोई दुश्मनी या विवाद नहीं था। आरोपी ने हमला क्यों किया, इसका खुलासा उसकी गिरफ्तारी के बाद ही हो सकेगा।

हत्या का मामला दर्ज, आरोपी की तलाश जारी

बरगी थाना पुलिस ने आरोपी घनश्याम केवट के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। सीएसपी अंजुल अयंक मिश्रा ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है। साथ ही, 108 एम्बुलेंस और 112 सेवा में देरी को लेकर लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है।

Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...Read More

Latest Posts