अगला IPL एक हफ्ते पहले शुरू होगा...बढ़ती गर्मी और मानसून के कारण BCCI का फैसला, डोमेस्टिक कैलेंडर में भी बदलाव संभव

स्पोर्ट्स डेस्क। IPL के अगले संस्करण से पहले BCCI ने बड़े बदलाव की तैयारी में है। बोर्ड सीजन को एक हफ्ते पहले शुरू करने की तैयारी में है। BCCI सेक्रेटरी देवजीत सैकिया ने पीटीआई से बातचीत में इसकी जानकारी दी है। हालांकि इससे पहले बोर्ड को अलग- अलग डोमेस्टिक मुकाबले भी आयोजित करवाने होते हैं। जिसके लिए भी लंबा शेड्यूल जारी किया जाता है।
क्यों लिया ये फैसला?
सैकिया ने कहा कि मौजूदा समय में IPL आमतौर पर मार्च के अंतिम सप्ताह में शुरू होकर मई के आखिरी सप्ताह तक चलता है। लेकिन मई के दूसरे पखवाड़े में देश के कई हिस्सों, खासकर उत्तर और पश्चिम भारत में अत्यधिक गर्मी और प्री-मानसून बारिश की स्थिति बन जाती है। इससे खिलाड़ियों और दर्शकों दोनों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों और फैंस से लगातार शिकायतें मिल रही हैं कि अत्यधिक गर्म मौसम में मैच खेलना और देखना चुनौतीपूर्ण हो जाता है। इसी कारण टूर्नामेंट को पहले शुरू कर 15 मई तक समाप्त करने की योजना पर विचार किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें: दूसरे वनडे में भारत की 170 रन से जीत : गुरनूर- अर्शदीप को 3-3 विकेट, कप्तान गिल प्लेयर ऑफ द मैच
AB कुरुविला को तैयार करने को कहा गया रोडमैप
BCCI सचिव ने बताया कि बोर्ड ने गेम्स डेवलपमेंट के महाप्रबंधक और पूर्व तेज गेंदबाज एबी कुरुविला को संभावित कार्यक्रम तैयार करने का निर्देश दिया है। कोशिश यह होगी कि ऐसा कैलेंडर बनाया जाए जिससे घरेलू क्रिकेट सत्र समय पर खत्म हो और IPL का आयोजन मार्च के दूसरे सप्ताह से शुरू किया जा सके।
डोमेस्टिक क्रिकेट कैलेंडर में भी बदलाव संभव
IPL को जल्दी शुरू करने की योजना का असर घरेलू क्रिकेट सीजन पर भी पड़ सकता है। सैकिया ने कहा कि बोर्ड की प्राथमिकता घरेलू टूर्नामेंटों को 10 मार्च तक समाप्त करने की होगी, ताकि उसके तुरंत बाद IPL शुरू कराया जा सके। इसके लिए घरेलू क्रिकेट के कार्यक्रम में बदलाव किए जा सकते हैं।
यह भी पढ़ें: गिल का वनडे करियर का 9वां शतक : 154 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली, 16 महीने बाद ODI में आई सैंचुरी
मैचों की संख्या नहीं बढ़ेगी
हालांकि IPL के मैचों की संख्या बढ़ाने की फिलहाल कोई योजना नहीं है। पहले 74 मैचों के मौजूदा प्रारूप को बढ़ाकर 94 मैच करने पर विचार किया गया था, लेकिन व्यस्त अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट कैलेंडर के कारण यह संभव नहीं दिख रहा।
सैकिया ने स्पष्ट किया कि विदेशी खिलाड़ियों की उपलब्धता, ICC के कार्यक्रम और विभिन्न देशों की द्विपक्षीय सीरीज को ध्यान में रखते हुए फिलहाल IPL को दो महीने की निर्धारित विंडो में ही आयोजित करना सबसे व्यावहारिक विकल्प है। ऐसे में अगले कुछ वर्षों तक टूर्नामेंट 74 मैचों के मौजूदा प्रारूप में ही जारी रहने की संभावना है।











