
इंदौर। इंदौर के मानसिक दिव्यांग युग पुरुष धाम में बच्चों की मौत के मामले में प्रबंधन की लापरवाही सामने आ रही है। संस्था ने 30 जून को हुई पहली मौत का कारण मिर्गी मान लिया और प्रशासन को इसकी जानकारी नहीं दी। जिसके बाद 24 घंटे में एक के बाद एक दो मौतें हो गईं। इन मौतों की जानकारी छिपाने का खामियाजा यह हुआ कि 48 घंटे के अंदर दो और बच्चों की जान चली गई।
अब तक 5 बच्चों की मौत
इस मामले में अब तक 5 बच्चों की मौत हो गई है। आश्रम से बुधवार सुबह 10 बच्चों को चाचा नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 44 बच्चों का इलाज चल रहा है। इनमें से करीब 6 बच्चे ICU में भर्ती हैं। अभी भी लगातार संक्रमितों की संख्या बढ़ती जा रही है। एमजीएम मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. संजय दीक्षित ने इसकी पुष्टि की है।
दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होगी : कलेक्टर
कलेक्टर आशीष सिंह ने कहा कि जिन बच्चों को अभी तक भर्ती कराया गया, सभी स्वस्थ हो रहे हैं। इसके अलावा डॉक्टर्स की टीम लगातार बच्चों की निगरानी कर रही है। रात में 5 बच्चों को उल्टी-दस्त की शिकायत हुई, जिसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक जांच कमेटी बनाई गई है, आज रिपोर्ट आ जाएगी। इसके बाद दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

आश्रम संचालिका के साथ ठहाके लगाने वाले SDM को हटाया
इस मामले की जांच को लेकर घटनास्थल पर तैनात मल्हारगंज एसडीएम ओमप्रकाश बड़कुल को शाम को हटा दिया गया है। दरअसल, वह मासूमों की मौत की कार्रवाई करने की बजाय आश्रम संचालिका अनीता शर्मा के साथ हंसी-ठिठोली कर रहे थे। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।
खून में इंफेक्शन मिलने की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, बच्चों के खून में इंफेक्शन मिलने की बात सामने आई है। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि बच्चों में किस तरह का इंफेक्शन मिला है। इन बच्चों को अलग-अलग जिलों से लाकर आश्रम को सौंपा गया था। कलेक्टर आशीष सिंह मंगलवार सुबह अस्पताल में भर्ती बच्चों का हाल जानने पहुंचे। इसके बाद उन्होंने ADM को जांच के आदेश दिए।

आश्रम में 200 से ज्यादा बच्चे
आश्रम संचालिका डॉ. अनीता शर्मा ने बताया कि आश्रम में 204 बच्चे हैं। यहां मध्य प्रदेश के अलग-अलग जिलों से लाए गए बच्चों को रखा गया है। मल्हारगंज पुलिस के मुताबिक, करण (12) साल के बच्चे की सोमवार को तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। जबकि, मंगलवार को आकाश (7) की भी तबीयत बिगड़ने से मौत की जानकारी सामने आई है।
मृतकों की जानकारी
अब तक मिली जानकारी के अनुसार इंदौर के मल्हारगंज इलाके में स्थित इस आश्रम के पांच बच्चों की मौत की खबर है। जानकारी के मुताबिक इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती 8 साल के शुभ , 12 साल के करण, 7 साल के आकाश , 5 साल के छोटा गोविंद और 11 साल की रानी ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इनमें से करण सोनकच्छ का निवासी है जबकि आकाश नर्मदापुरम का रहने वाला था। कुछ महीने पहले चाइल्ड लाइन की टीम इन दोनों को इंदौर के इस आश्रम में भर्ती कराकर गई थी।
इन बच्चों का इलाज जारी
- गोविंद (12)
- आयुष (15)
- सुभाष (15)
- विनोद (15)
- लालजी (12)
- राघव (5)
- गोलू (13)
- नरेंद्र (15)
- शिव (16)
- सोनू (12)
- पवन (14)
- नारायण (13)
ये भी पढ़ें- इंदौर के बाल आश्रम में 5 बच्चों की मौत, 20 अस्पताल में भर्ती, संचालिका के साथ हंसी-ठिठोली करने वाले SDM को हटाया
One Comment