PlayBreaking News

जून में सर्द रात! 18.6 डिग्री पर पहुंचा इंदौर:नन्हीं बूंदों ने हराई नौतपा की तपिश

तेज हवाओं और बारिश ने बदला मौसम का मिजाज, न्यूनतम तापमान सामान्य से 7 डिग्री नीचे पहुंचा; अगले तीन दिन भी बारिश और ठंडी हवाओं के आसार।
Follow on Google News
नन्हीं बूंदों ने हराई नौतपा की तपिश
फाइल फोटो

इंदौर में इस बार नौतपा की विदाई ने मौसम का ऐसा रंग दिखाया, जिसने जून के इतिहास में नया रिकॉर्ड दर्ज कर दिया। साल के सबसे गर्म माने जाने वाले नौतपा की आखिरी रात जून महीने की दूसरी सबसे ठंडी रात साबित हुई। शहर का न्यूनतम तापमान गिरकर 18.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से 7 डिग्री कम रहा।मौसम विभाग के अनुसार यह जून माह के इतिहास में दर्ज दूसरा सबसे कम न्यूनतम तापमान है। इससे पहले जून 2020 में 18.4 डिग्री तापमान दर्ज हुआ था, जो अब भी सबसे ठंडी जून की रात का रिकॉर्ड बनाए हुए है।

बारिश और आंधी ने बदला मौसम

विमानतल स्थित मौसम केंद्र के अनुसार सोमवार शाम से रात के बीच शहर में लगभग 0.4 इंच बारिश दर्ज की गई। इसके साथ ही 81 किलोमीटर प्रतिघंटा तक की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं। कई इलाकों में धूलभरी आंधी के बाद गरज-चमक के साथ बारिश हुई। दिन का अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2 डिग्री कम था। वहीं रात का तापमान तेजी से गिरकर 18.6 डिग्री तक पहुंच गया।

पिछले 10 वर्षों में जून का सबसे कम तापमान

वर्ष न्यूनतम तापमान
2016 21.5°C
2017 21.2°C
2018 21.5°C
2019 21.8°C
2020 18.4°C
2021 21.8°C
2022 21.4°C
2023 21.0°C
2024 22.6°C
2025 22.1°C
2026 18.6°C

सिर्फ 0.2 डिग्री से चूका नया रिकॉर्ड

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार जून महीने में सबसे कम न्यूनतम तापमान 4 जून 2020 को 18.4 डिग्री दर्ज किया गया था। इस बार का तापमान उससे मात्र 0.2 डिग्री अधिक रहा। यदि तापमान में थोड़ी और गिरावट आती तो यह जून के इतिहास की सबसे ठंडी रात बन जाती।

68 साल पुराने रिकॉर्ड को छोड़ा पीछे

इससे पहले जून में तीसरा सबसे कम न्यूनतम तापमान 12 जून 1958 को 18.9 डिग्री दर्ज किया गया था। इस बार 18.6 डिग्री तापमान दर्ज होने के साथ ही 68 वर्ष पुराना यह रिकॉर्ड पीछे छूट गया।

अब गर्मी की वापसी मुश्किल

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 30 मई से लगातार मौसम में बदलाव देखा जा रहा है। बीच-बीच में हो रही हल्की बारिश और बादलों की आवाजाही ने गर्मी की तीव्रता को काफी कम कर दिया है। विशेषज्ञों के अनुसार अब मानसूनी गतिविधियां सक्रिय होने लगी हैं और आने वाले दिनों में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। यदि कुछ समय के लिए मौसम साफ भी होता है तो तापमान में बहुत अधिक बढ़ोतरी नहीं होगी। हालांकि उमस बढ़ सकती है।

Hemant Nagle
By Hemant Nagle

हेमंत नागले | पिछले बीस वर्षों से अधिक समय से सक्रिय पत्रकारिता में हैं। वर्ष 2004 में मास्टर ऑफ जर्...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts