Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

धूप ने दिनभर सताया, शाम को मेघ बरसे:झमाझम बारिश से शहर तर, कई इलाकों में जलभराव

शाम पांच बजे बदला मौसम का मिजाज, एयरपोर्ट पर 54.9 मिमी और रीगल क्षेत्र में 42 मिमी बारिश दर्ज; कई कॉलोनियों में जलभराव से लोग परेशान
झमाझम बारिश से शहर तर, कई इलाकों में जलभराव

इंदौर। बुधवार दोपहर तक तेज धूप और उमस ने शहरवासियों को बेहाल किए रखा, लेकिन शाम होते-होते मौसम ने करवट ली और काले बादलों ने पूरे शहर को अपनी आगोश में ले लिया। शाम करीब पांच बजे शुरू हुई तेज बारिश ने देखते ही देखते सड़कों को पानी-पानी कर दिया। गरज-चमक के साथ हुई झमाझम बारिश का दौर देर रात तक रुक-रुककर जारी रहा, जिससे मौसम तो सुहाना हो गया, लेकिन कई इलाकों में जलभराव ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं।

 

मौसम विभाग के अनुसार रात साढ़े आठ बजे तक एयरपोर्ट क्षेत्र में 54.9 मिमी और रीगल क्षेत्र में 42 मिमी वर्षा दर्ज की गई। तेज बारिश के कारण शहर के कई प्रमुख चौराहों और सड़कों पर पानी भर गया। सड़कें तालाब जैसी नजर आने लगीं, जिससे वाहन चालकों को जाम और आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

 

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक गुरुवार को भी शहर में अच्छी बारिश की संभावना बनी हुई है। वहीं 3 और 4 जुलाई को कहीं-कहीं भारी वर्षा होने का अनुमान है। अगले चार से पांच दिनों तक इंदौर और आसपास के क्षेत्रों में रुक-रुककर बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना जताई गई है।

 

भोपाल स्थित मौसम केंद्र के अनुसार वर्तमान में पंजाब से लेकर बंगाल की खाड़ी तक एक द्रोणिका (ट्रफ लाइन) सक्रिय है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश और पंजाब के आसपास ऊपरी हवा के दो चक्रवाती परिसंचरण बने हुए हैं। इन मौसमी प्रणालियों के कारण बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी आ रही है, जिससे मालवा-निमाड़ सहित इंदौर संभाग में अच्छी वर्षा के अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं।

वैभव नगर में घरों में घुसा पानी, कई कॉलोनियों के लोग परेशान

शाम की तेज बारिश के बाद वैभव नगर स्थित राम मंदिर के पीछे की गली में कई घरों में पानी घुस गया। स्थानीय रहवासी निर्मला पवार ने बताया कि कुछ ही देर की बारिश में कॉलोनी के कई मकानों में पानी भर गया। सूचना मिलने पर नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और चैंबर का ढक्कन खोलकर पानी निकासी की व्यवस्था की।

इसके अलावा गोकुल नगर में भी घरों में पानी घुसने और प्रजापत नगर में ड्रेनेज का गंदा पानी मकानों तक पहुंचने की शिकायतें सामने आईं। वहीं तेज बारिश और हवा के दौरान रोबोट चौराहे के पास सांवरिया नगर में एक बड़ा पेड़ गिर गया। हालांकि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। नगर निगम ने पेड़ हटाकर यातायात सामान्य कराने की कार्रवाई शुरू कर दी।

Hemant Nagle
By Hemant Nagle

हेमंत नागले | पिछले बीस वर्षों से अधिक समय से सक्रिय पत्रकारिता में हैं। वर्ष 2004 में मास्टर ऑफ जर्...Read More

Latest Posts