Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

इंदौर में गजक के नाम पर गंदगी का कारोबार, दो भंडार सील

इंदौर में गजक के नाम पर गंदगी का कारोबार, दो भंडार सील
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    इंदौर। शहर में मिलावटखोरों और गंदगी में खाद्य पदार्थ तैयार करने वालों के खिलाफ खाद्य प्रशासन विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए दो गजक भंडार सील कर दिए। जांच में सामने आया कि इन प्रतिष्ठानों में बेहद अस्वच्छ परिस्थितियों में गजक और मूंगफली दाना पट्टी का निर्माण कर बाजार में सप्लाई की जा रही थी, जिससे आमजन के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा मंडरा रहा था।

    खाद्य प्रशासन विभाग की टीम ने शुक्रवार को नेताजी सुभाष मार्ग स्थित मां दुर्गा गजक भंडार पर छापा मारा। मौके पर मुरैना निवासी संचालक मुकेश राठौर मौजूद पाए गए। निरीक्षण के दौरान परिसर में भारी गंदगी, खुले में रखी खाद्य सामग्री और साफ-सफाई के न्यूनतम मानकों की खुली अनदेखी मिली। गजक और मूंगफली दाना पट्टी के नमूने जांच के लिए जब्त किए गए और जनस्वास्थ्य को खतरा देखते हुए प्रतिष्ठान का खाद्य कारोबार तत्काल प्रभाव से बंद कर सील कर दिया गया।

    इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा विभाग ने पाटनीपुरा क्षेत्र स्थित जय मां दुर्गा गजक भंडार पर भी कार्रवाई की। 56/12 पाटनीपुरा स्थित इस प्रतिष्ठान में बिना वैध खाद्य लाइसेंस के गजक का निर्माण किया जा रहा था। जांच में मूंगफली दाना टुकड़ी, गुड़, तिल और पिस्ता फ्लेवर गजक का निर्माण गंदगी के बीच पाया गया। टीम ने सभी खाद्य पदार्थों के नमूने विधिवत संग्रहित किए और गंभीर अनियमितताओं के चलते निर्माण कार्य तत्काल बंद करवा दिया।

    कलेक्टर शिवम वर्मा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि नागरिकों को शुद्ध, सुरक्षित और मानकयुक्त खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। दोनों प्रतिष्ठानों से लिए गए नमूनों को राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

    प्रशासन की इस कार्रवाई से मिलावटखोरों और नियमों को ताक पर रखकर कारोबार करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है, वहीं आम लोगों ने सख्ती का स्वागत किया है।

    Hemant Nagle
    By Hemant Nagle

    हेमंत नागले | पिछले बीस वर्षों से अधिक समय से सक्रिय पत्रकारिता में हैं। वर्ष 2004 में मास्टर ऑफ जर्...

    Latest Posts