Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

गैस पाइपलाइन ब्लास्ट:हाईकोर्ट बना सहारा, पीड़िता का होगा अहमदाबाद में इलाज

विजयनगर गैस पाइपलाइन हादसे में गंभीर रूप से झुलसी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर बोलीं- मेरी कोई गलती नहीं थी, जिम्मेदारों पर हो सख्त कार्रवाई; बेहतर इलाज के लिए जायडस हॉस्पिटल भेजा जाएगा
हाईकोर्ट बना सहारा, पीड़िता का होगा अहमदाबाद में इलाज

इंदौर के विजयनगर गैस पाइपलाइन विस्फोट में गंभीर रूप से झुलसी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर जिनी झाला को मध्यप्रदेश हाईकोर्ट के आदेश पर बेहतर इलाज के लिए अहमदाबाद एयरलिफ्ट किया जाएगा। हाईकोर्ट की इंदौर खंडपीठ ने निर्देश दिए हैं कि जिनी का उपचार अहमदाबाद के जायडस हॉस्पिटल में कराया जाए और इलाज का पूरा खर्च मध्यप्रदेश सरकार वहन करेगी। यह आदेश अधिवक्ता रितेश ईनानी द्वारा दायर जनहित याचिका पर सुनवाई के दौरान दिया गया।

 

अहमदाबाद रवाना होने से पहले जिनी झाला ने अस्पताल के बाहर मीडिया से बातचीत में कहा कि बिना किसी गलती के उन्हें इस दर्द और पीड़ा का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी लापरवाही दोबारा न हो।

'न बैरिकेडिंग थी, न सुरक्षा के इंतजाम'

जिनी ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में पार्षद द्वारा कराई जा रही बोरिंग के दौरान गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे यह भीषण विस्फोट हुआ। उनका कहना है कि मौके पर न तो बैरिकेडिंग की गई थी और न ही सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम थे। उन्होंने नगर निगम और संबंधित विभागों के बीच समन्वय की कमी को भी हादसे का प्रमुख कारण बताया।

 

करियर पर पड़ा असर, महंगे उपकरण भी जल गए

जिनी झाला ने बताया कि हादसे में उनका हाथ और शरीर का बड़ा हिस्सा गंभीर रूप से झुलस गया है। इसके कारण उनका ऑन-कैमरा करियर बुरी तरह प्रभावित हुआ है और डॉक्टरों के अनुसार अगले कई महीनों तक उनके लिए सामान्य रूप से काम करना संभव नहीं होगा।उन्होंने बताया कि विस्फोट में उनका आईपैड, कैमरा, माइक सहित अन्य महंगे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी जलकर नष्ट हो गए। फिलहाल उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता जल्द स्वस्थ होकर सामान्य जीवन में लौटना है।

 

प्लास्टिक सर्जरी के लिए अहमदाबाद भेजा जाएगा

हाईकोर्ट के आदेश के बाद अब जिनी झाला को बेहतर इलाज और प्लास्टिक सर्जरी के लिए अहमदाबाद के जायडस हॉस्पिटल भेजा जा रहा है। राज्य सरकार उनके इलाज का पूरा खर्च वहन करेगी। मामले को लेकर प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग भी आवश्यक तैयारियों में जुटा हुआ है।

Hemant Nagle
By Hemant Nagle

हेमंत नागले | पिछले बीस वर्षों से अधिक समय से सक्रिय पत्रकारिता में हैं। वर्ष 2004 में मास्टर ऑफ जर्...Read More

Latest Posts