Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

Asia Cup 2025 : भारत-पाकिस्तान एशिया कप महामुकाबला आज, 13 साल में PAK से सिर्फ 2 मैच हारी IND; दुबई की पिच बनेगी ‘गेम चेंजर’?

भारत-पाकिस्तान एशिया कप महामुकाबला आज, 13 साल में PAK से सिर्फ 2 मैच हारी IND; दुबई की पिच बनेगी ‘गेम चेंजर’?
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    स्पोर्ट्स डेस्क। एशिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट में आज भारत और पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने होंगी। क्रिकेट फैन्स के लिए यह मुकाबला किसी त्योहार से कम नहीं। दोनों टीमों ने अपने शुरुआती मैच जीतकर आत्मविश्वास हासिल किया है और अब यह टक्कर सुपर-4 में पहुंचने की राह आसान बना सकती है। हालांकि, आंकड़ों और खिलाड़ियों की फॉर्म के लिहाज से भारतीय टीम पाकिस्तान से मजबूत नजर आती है, लेकिन एक फैक्टर ऐसा है जो मैच का पूरा गणित बदल सकता है और वो है दुबई की पिच।

    हेड-टू-हेड में भारत का दबदबा

    अब तक टी-20 इंटरनेशनल में दोनों टीमों के बीच 13 मुकाबले खेले गए हैं।

    भारत जीता – 10 मैच

    पाकिस्तान जीता – 3 मैच

    यानी भारतीय टीम का पलड़ा साफ तौर पर भारी है। आखिरी भिड़ंत अमेरिका में हुए टी-20 वर्ल्ड कप में हुई थी, जिसमें भारत ने सिर्फ 119 रन बनाने के बावजूद पाकिस्तान को 6 रन से मात दी थी।

    भारतीय टीम का दमदार प्रदर्शन

    विराट कोहली, रोहित शर्मा और रवींद्र जडेजा जैसे दिग्गजों के संन्यास लेने के बाद भी भारतीय टीम का ग्राफ और ऊंचा हुआ है। पिछले टी-20 वर्ल्ड कप के बाद से टीम इंडिया ने 86% मैच जीते हैं। दूसरी ओर पाकिस्तान ने अपने प्रदर्शन में सुधार की कोशिश करते हुए बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान जैसे खिलाड़ियों को बाहर किया, लेकिन नतीजे उलटे रहे। पाकिस्तान की जीत का औसत इस अवधि में सिर्फ 50% रहा है।

    दुबई की पिच का खेल

    दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम पर अब तक 95 टी-20 इंटरनेशनल मैच खेले गए हैं। इनमें जीत का बंटवारा लगभग बराबरी का रहा है-

    पहले बैटिंग करने वाली टीम- 46 जीत

    चेज करने वाली टीम- 48 जीत

    लेकिन अगर पिछले 5 साल का रिकॉर्ड देखें तो तस्वीर बदल जाती है। 2020 से अब तक दुबई में टेस्ट खेलने वाले देशों के बीच हुए 18 मुकाबलों में 16 बार टारगेट चेज करने वाली टीम जीती है। यानी ओस और पिच का असर बाद में बल्लेबाजी करने वाली टीम के पक्ष में जाता है।

    भारत के लिए खतरा कहां?

    भारतीय टीम के लिए सबसे बड़ा खतरा तब होगा जब उसे पहले बल्लेबाजी करनी पड़े। 2021 के टी-20 वर्ल्ड कप और 2022 के एशिया कप में यही हुआ था और दोनों बार पाकिस्तान ने भारत को हराया। इन 13 सालों में पाकिस्तान की भारत पर टी-20 में मिली यही 2 जीत रही हैं।

    पिच रिपोर्ट: कितने रन जरूरी?

    • दुबई में पहली पारी का औसत स्कोर 145 रन है। दूसरी पारी में ओस के कारण यह स्कोर आसानी से चेज हो जाता है।
    • पहले बल्लेबाजी करके जीतने वाली टीम का औसत स्कोर: 162–165 रन
    • जीत की उम्मीद रखने के लिए भारत को कम से कम 165 से ऊपर का टारगेट खड़ा करना होगा।

    दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग XI

    भारत: अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल, संजू सैमसन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, हार्दिक पंड्या, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती।

    पाकिस्तान: सईम अयूब, साहिबजादा फरहान, मोहम्मद हारिस (विकेटकीपर), सलमान आगा (कप्तान), फखर जमान, हसन नवाज, मोहम्मद नवाज, फहीम अशरफ, शाहीन अफरीदी, अबरार अहमद, सुफियान मुकीम।

    दुबई में कौन है आगे?

    इस मैदान पर भारत और पाकिस्तान के बीच 3 टी-20 इंटरनेशनल खेले गए हैं।

    पाकिस्तान जीता – 2

    भारत जीता – 1

    2021 में पाकिस्तान ने 10 विकेट से ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी। 2022 एशिया कप में एक-एक जीत दोनों टीमों को मिली। यानी दुबई की पिच पर पाकिस्तान का रिकॉर्ड भारत से बेहतर है।

    Manisha Dhanwani
    By Manisha Dhanwani

    मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...

    Latest Posts