Ind vs AFG :भारत ने अफगानिस्तान को दिया 403 रन का लक्ष्य, गिल और ईशान की शतकीय पारी, रोहित ने 48 रन बनाए

स्पोर्ट्स डेस्क। लखनऊ में खेले जा रहे भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज के दूसरे मुकाबले में भारतीय बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रन बरसाए। कप्तान शुभमन गिल और ईशान किशन के दमदार शतकों की बदौलत टीम इंडिया ने 49.5 ओवर में 402 रन बनाए और अफगानिस्तान को जीत के लिए 403 रनों का मुश्किल लक्ष्य दिया। भारत ने वनडे इतिहास में आठवीं बार 400 से अधिक का स्कोर बनाकर दक्षिण अफ्रीका की बराबरी भी कर ली।
पहला वनडे सात विकेट से जीतने वाली भारतीय टीम इस मुकाबले को जीतकर सीरीज में अजेय बढ़त हासिल करने के इरादे से मैदान पर उतरी थी। हालांकि टीम की शुरुआत बहुत मजबूत नहीं रही, लेकिन कप्तान शुभमन गिल और ईशान किशन ने पारी को संभालते हुए अफगान गेंदबाजों पर दबाव बना दिया।
शुभमन गिल ने खेली 154 रन की कप्तानी पारी
कप्तान शुभमन गिल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 154 रन बनाए। उन्होंने 77 गेंदों में अपना शतक पूरा किया और बाद में 150 रन का आंकड़ा भी पार किया। गिल की पारी में आकर्षक चौके-छक्कों के साथ बेहतरीन स्ट्रोक प्ले देखने को मिला। यह उनके वनडे करियर का नौवां शतक रहा। उनकी इस पारी ने भारत को बड़े स्कोर की मजबूत नींव दी।
यह भी पढ़ें: गिल का वनडे करियर का 9वां शतक : 154 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली, 16 महीने बाद ODI में आई सैंचुरी
ईशान किशन का 71 गेंदों में शतक
ईशान किशन ने भी धमाकेदार अंदाज में बल्लेबाजी की और सिर्फ 71 गेंदों में शतक जड़ दिया। उन्होंने 79 गेंदों पर 125 रन बनाए, जिसमें 14 चौके और सात छक्के शामिल रहे। गिल और ईशान ने तीसरे विकेट के लिए 224 रन की शानदार साझेदारी की। इस साझेदारी ने अफगानिस्तान की गेंदबाजी को पूरी तरह बैकफुट पर धकेल दिया और भारत को विशाल स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
अफगान गेंदबाजों ने की वापसी
एक समय भारत का स्कोर 450 रन के करीब पहुंचता नजर आ रहा था, लेकिन गिल और ईशान के आउट होने के बाद अफगानिस्तान के गेंदबाजों ने वापसी की। नांगेयालिया खरोटी ने चार विकेट लेकर सबसे सफल गेंदबाज का दर्जा हासिल किया। स्टार स्पिनर राशिद खान ने तीन विकेट लिए, जबकि ए.एम. गजनफर और मोहम्मद सलीम सैफी को एक-एक सफलता मिली। भारत की ओर से रोहित शर्मा ने 48, श्रेयस अय्यर ने 26 और वाशिंगटन सुंदर ने 19 रन जोड़े। अब अफगानिस्तान के सामने 403 रन का विशाल लक्ष्य है, जबकि भारत की नजर इस मुकाबले को जीतकर सीरीज अपने नाम करने पर टिकी है।
दोनों टीमों की प्लेइंग-11
भारत: रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल, शुभमन गिल (कप्तान), ईशान किशन, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, गुरनूर बरार, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव।
अफगानिस्तान: रहमानुल्लाह गुरबाज, इब्राहिम जादरान, सेदिकुल्लाह अटल, रहमत शाह, हश्मतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), दरविश रसूली, राशिद खान, नांगेलिया खरोटे, मोहम्मद सलीम, अल्लाह गजनफर, बिलाल सामी।











